टिहरी गढ़वाल 13 अक्टूबर। अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अग्निशमन विभाग की टीम ने नरेंद्र नगर क्षेत्र के तीन होटलों का फायर रिस्क ऑडिट किया। इस दौरान होटल वेस्टर्न, होटल ब्लूम बुटीक और होटल अनुतरा में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
12 अक्टूबर को अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में की गई जांच के दौरान अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और कार्यशीलता, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशमन अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) तथा आपातकालीन निकास मार्गों की स्थिति का जायजा लिया गया।
होटल प्रबंधन को आपातकालीन निकास मार्ग खुले और अवरोधमुक्त रखने, अग्निशमन उपकरणों का नियमित रखरखाव करने तथा कर्मचारियों को आग से बचाव और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए प्रशिक्षित रखने के निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में टिहरी पुलिस द्वारा जनपद में अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विभिन्न प्रतिष्ठानों में निरीक्षण और जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।




