त्योहारों पर ड्यूटी निभाने वाले पुलिसकर्मियों के साथ साझा की दीपावली की खुशियां, बढ़ाया मनोबल
टिहरी गढ़वाल 7 नवंबर। दीपावली के पावन पर्व पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे ने पुलिस परिवार के बीच पहुंचकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को मिठाई वितरित कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं और उनके सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस मौके पर एसएसपी ने पुलिस परिवार के बच्चों को दीपावली के उपहार भी भेंट किए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। उन्होंने बच्चों से आत्मीयता के साथ बातचीत कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि पुलिसकर्मी त्योहारों के दौरान भी अपने परिवार से दूर रहकर आमजन की सुरक्षा में मुस्तैद रहते हैं। ऐसे में पुलिस परिवार के साथ त्योहार मनाना आपसी विश्वास, सौहार्द और पारिवारिक भावना को मजबूत करता है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए पूरी निष्ठा, समर्पण और सकारात्मक ऊर्जा के साथ दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी टिहरी चंद्रमोहन सिंह, क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर सुरेंद्र सिंह भंडारी, सीएफओ संजीवा कुमार, नई टिहरी कोतवाली प्रभारी ऐश्वर्य पाल, नरेंद्रनगर प्रभारी देवराज शर्मा, देवप्रयाग प्रभारी कृष्णकांत, कीर्तिनगर प्रभारी संजय मिश्रा, यातायात निरीक्षक प्रताप सिंह, एलआईयू निरीक्षक शैलेश राणा, सीआईयू प्रभारी ओमकांत, हिंडोलाखाल थानाध्यक्ष धनराज सिंह बिष्ट सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर टिहरी पुलिस की ओर से जनपदवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं भी दी गईं।




