रायवाला, 25 नवंबर। सोशल मीडिया पर योगगुरु बाबा रामदेव और बागेश्वर धाम के आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बीच चल रहे बयानबाजी के दौर पर सनातन धर्म विकास परिषद उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त नृसिंह पीठाधीश्वर स्वामी रसिक महाराज ने चिंता जताई है।
उन्होंने कहा कि सनातन धर्म की प्रतिष्ठा किसी व्यक्ति की प्रशंसा या आलोचना से नहीं, बल्कि आचरण, विचारों और सिद्धांतों से बढ़ती है। छह दिन पूर्व कुंडा की रामकथा में स्वामी रामदेव द्वारा धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को भगवान का अंशावतार बताना और कुछ दिन बाद उन्हें धूर्त, पाखंडी एवं ढोंगी जैसे शब्दों से संबोधित करना विरोधाभासी है। इससे संत समाज की गरिमा और सनातन समाज की एकता प्रभावित होती है।
स्वामी रसिक महाराज ने कहा कि न स्वामी रामदेव भगवान हैं और न ही धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री। भगवान हमारे आराध्य हैं और सभी संत एवं धर्माचार्य उनके साधक हैं। उन्होंने रामदेव के योग, प्राणायाम और आयुर्वेद के क्षेत्र में योगदान की सराहना करते हुए उनसे वाणी और व्यवहार में संयम रखने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा, “अनुलोम-विलोम केवल श्वास का नहीं, विचारों और वाणी का भी होना चाहिए।” दोनों संतों से व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप छोड़कर शास्त्रसम्मत विचारों, सामाजिक समरसता और राष्ट्रहित में मिलकर कार्य करने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि संत की पहचान पद और प्रसिद्धि से नहीं, बल्कि उसकी वाणी की मर्यादा और आचरण की पवित्रता से होती है। सनातन धर्म किसी व्यक्ति से बड़ा है और भगवान किसी उपाधि के मोहताज नहीं हैं।




