राहत: गैर-सब्सिडी वाला रसोई गैस सिलेंडर शुक्रवार से 162.50 सस्ता

Govind Pundir
2 Min Read
रसोई गैस पर छूट में वृद्धि
खबर को सुनें

गढ़ निनाद न्यूज़ * 01 मई 2020
नई दिल्ली/नई टिहरी। सरकारी ईंधन कंपनियों ने गैर-सब्सिडी वाला रसोई गैस सिलेंडर शुक्रवार से 162.50 रुपये सस्ता कर दिया है। बीते दिनों में अंतरराष्ट्रीय बाजार में ईंधन की कीमत गिरने के चलते लगातार तीसरे महीने रसोई गैस सिलेंडर के दाम में कमी की गयी है।
सरकारी ईंधन कंपनियों की सूचना के अनुसार बिना सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलेंडर की कीमत घटने के बाद दिल्ली में 14.2 किलोग्राम के सिलेंडर की कीमत 581.50 रुपये रह जाएगी। बृहस्पतिवार को यह 744 रुपये थी। गैर-सब्सिडी रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में यह जनवरी 2019 के बाद सबसे बड़ी कटौती है। तब सिलेंडर की कीमत 150.50 रुपये कम हुई थी।

इससे पहले गैर-सब्सिडी सिलेंडर के दाम अप्रैल में 61.50 रुपये और मार्च में 53 रुपये कम हुए जबकि फरवरी में दाम 144.5 रुपये प्रति सिलेंडर बढ़ाए गए थे। लेकिन मार्च से अब तक गैर-सब्सिडी सिलेंडर की कीमत में कुल 277 रुपये की कमी आ चुकी है। यह फरवरी में की गयी वृद्धि से अधिक है।
बता दें कि रसोई गैस ग्राहकों को सरकार सालभर में 14.2 किलोग्राम के 12 सिलेंडरों पर सब्सिडी देती है। जो ग्राहक इससे अधिक सिलेंडर खरीदते हैं या जिन्होंने अपनी सब्सिडी छोड़ दी है उन्हें बाजार मूल्य पर बिना सब्सिडी के सिलेंडर खरीदना होता है।
कोरोना वायरस के फैलाव को रोकने के लिए कई देशों में लॉकडाउन (बंद) किया गया है। इससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की मांग घटी है जिसके चलते उसकी कीमतें रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गयी हैं।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!