नगर निगम कर्मचारियों और उनके परिजनों के कल्याण और सामाजिक सुरक्षा के तहत शिविर का आयोजन

Garhninad Desk
2 Min Read
खबर को सुनें

ऋषिकेश 6 सितंबर 2024। आज नगर निगम परिसर ऋषिकेश में नगर निगम कर्मचारियों और उनके परिजनों के कल्याण और सामाजिक सुरक्षा के तहत एक शिविर का आयोजन किया गया।

इस शिविर में कर्मचारियों के परिजनों के स्थायी निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, हैसियत प्रमाण पत्र, उत्तरजीवी प्रमाण पत्र, ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र, तथा राशन कार्ड से जुड़े आवेदन तैयार और प्राप्त किए गए।

शिविर में विभिन्न बैंकों द्वारा संचालित योजनाओं के स्टाल भी लगाए गए, जहां योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री राकेश पारछा, उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य थे। विशिष्ट अतिथि श्री नरेंद्र सिंह क्विरियाल, अपर आयुक्त गढ़वाल मंडल और श्रीमती कुमकुम जोशी, उप जिलाधिकारी ऋषिकेश, भी उपस्थित रहे। नगर निगम ऋषिकेश सफाई कर्मचारी संघ ने शिविर के आयोजन में विशेष सहयोग प्रदान किया।

इस अवसर पर उत्तराखंड के प्रसिद्ध बांसुरी वादक श्री महेश चंद्र और मां धारी देवी सांस्कृतिक कला मंच द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। नगर निगम के कनिष्ठ सहायक श्री संजय कुमार और अमित भट्ट ने भी अपनी प्रस्तुतियां दीं।

नगर आयुक्त श्री शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि नगर निगम अपने कर्मचारियों के कल्याण और सामाजिक सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम का संचालन श्री चंद्रकांत भट्ट, सहायक नगर आयुक्त, और श्री ललित नौटियाल, कनिष्ठ सहायक, ने किया।

Share This Article
error: Content is protected !!