भारत के पहले वेरिएबल स्पीड पंप स्टोरेज प्लांट की पहली इकाई की सीओडी प्रक्रिया प्रारंभ– केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल ने की सराहना

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

ऋषिकेश, 4 जून 2025 । टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड (टीएचडीसीआईएल) ने उत्तराखंड के टिहरी में 1000 मेगावाट क्षमता वाले भारत के पहले वेरिएबल स्पीड पंप स्टोरेज प्लांट (पीएसपी) की पहली 250 मेगावाट यूनिट की कोमर्शियल ऑपरेशन डेट (सीओडी) प्रक्रिया की सफलता पूर्वक शुरुआत कर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। यह देश का पहला वेरिएबल स्पीड पीएसपी है तथा किसी सीपीएसई द्वारा निर्मित सबसे बड़ा पंप स्टोरेज प्लांट भी है।

इस अवसर पर भारत सरकार के माननीय केंद्रीय विद्युत तथा आवास एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल ने वर्चुअल माध्यम से इस यूनिट का औपचारिक उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि देश की ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जो भारत की अक्षय ऊर्जा क्षमता को सशक्त बनाएगा। वेरिएबल स्पीड तकनीक ग्रिड संचालन को अधिक लचीला और स्मार्ट बनाती है।

कार्यक्रम में श्री पंकज अग्रवाल, सचिव, विद्युत मंत्रालय; श्री आकाश त्रिपाठी, अपर सचिव; श्री गुरदीप सिंह, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, एनटीपीसी; और टीएचडीसीआईएल के शीर्ष अधिकारी उपस्थित रहे।

टीएचडीसीआईएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री आर.के. विश्नोई ने कहा कि परियोजना पूर्ण होने पर टिहरी हाइड्रो पावर कॉम्प्लेक्स की कुल क्षमता 2400 मेगावाट हो जाएगी, जो इसे भारत का सबसे बड़ा हाइड्रो पावर कॉम्प्लेक्स बनाएगा। यह परियोजना ग्रिड लचीलापन, पीकिंग पावर और 24×7 बिजली आपूर्ति के लिए अहम होगी।

जीई वर्नोवा द्वारा आपूर्ति की गई 250 मेगावाट की वेरिएबल स्पीड यूनिट अत्याधुनिक पावर इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कंट्रोल सिस्टम से सुसज्जित है। एनटीपीसी और उत्तर प्रदेश सरकार टीएचडीसी की इक्विटी भागीदार हैं।

इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक श्री एल.पी. जोशी, टीएचडीसी के वरिष्ठ अधिकारी, जीई वर्नोवा, एचसीसी, एवं विद्युत क्षेत्र के अन्य प्रतिनिधि भी मौजूद थे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!