Ad image

विश्व दिव्यांग दिवस पर विधिक जागरूकता और स्वास्थ्य शिविर आयोजित

Govind Pundir
2 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल। माननीय राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश श्री अमित कुमार सिरोही के निर्देशानुसार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल के सचिव श्री आलोक राम त्रिपाठी ने “विश्व दिव्यांग दिवस” के अवसर पर दुर्गम क्षेत्र राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज खांकर, विकासखण्ड नरेन्द्रनगर में विधिक जागरूकता एवं स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया।

शिविर में सचिव श्री त्रिपाठी ने बताया कि विश्व दिव्यांग दिवस का उद्देश्य विकलांगता से जुड़े मुद्दों को समझना और विकलांग व्यक्तियों के सम्मान, अधिकारों एवं कल्याण के लिए समाज में जागरूकता पैदा करना है। यह दिवस संयुक्त राष्ट्र एवं विश्व स्वास्थ्य संगठन के सहयोग से मनाया जाता है, ताकि विकलांग व्यक्तियों को उनके सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक अधिकारों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके और वे समाज में पूर्ण समानता के साथ भाग ले सकें।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के रिटेनर अधिवक्ता श्री राजपाल सिंह मिंया ने मोटर वाहन अधिनियम एवं प्राधिकरण की कार्यशैली के बारे में विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई। इस अवसर पर स्वास्थ्य कर्मियों ने 62 व्यक्तियों (12 पुरुष एवं 50 महिलाएं) का रक्तचाप एवं मधुमेह (डायबिटीज) परीक्षण भी किया।

शिविर में राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज खांकर के प्रधानाचार्य श्री राजेश बडोला, क्षेत्र पंचायत सदस्य श्री सोबत सिंह भंडारी, ग्राम प्रधान बिडोन श्री सुनील नेगी, भूतपूर्व सैनिक श्री सूरत सिंह रौतेला, चिकित्साधिकारी डॉ. नितिन सैनी, डॉ. अर्जुन ओझा सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी एवं विद्यालय के समस्त अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

समापन समारोह में सचिव श्री आलोक राम त्रिपाठी ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को दिव्यांगजनों के लिए निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने हेतु प्राधिकरण से संपर्क करने की अपील की और समाज में दिव्यांगजनों के अधिकारों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!