Ad image

तिंया में ‘सरकार जनता के द्वार’ शिविर में उमड़ा जनसैलाब, ग्रामीणों को मिला योजनाओं का व्यापक लाभ

Govind Pundir
3 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

उत्तरकाशी, 8 दिसंबर । विकास खंड नौगांव के तिंया गांव में सोमवार को ‘सरकार जनता के द्वार’ कार्यक्रम के तहत आयोजित ब्लॉक स्तरीय बहुउद्देश्यीय शिविर में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में विभिन्न विभागों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएँ सुनीं और कई योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया।

शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने आधार कार्ड, दिव्यांग प्रमाण पत्र, आय एवं जाति प्रमाण पत्र बनवाए। स्वास्थ्य विभाग ने 46 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाइयों का वितरण किया। कृषि, उद्यान एवं पशुपालन विभागों ने किसानों और पशुपालकों को खाद, बीज, दवाइयाँ एवं कृषि उपकरण उपलब्ध कराए।
वन विभाग ने 50 से अधिक, उद्यान विभाग ने 45 और पशुपालन विभाग ने 30 लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं से लाभान्वित किया। समाज कल्याण विभाग ने 5 तथा महिला एवं बाल विकास विभाग ने 15 ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी प्रदान की। कृषि विभाग ने 80 प्रतिशत अनुदान पर कृषि यंत्र, बीज व दवाइयाँ वितरित कर 150 किसानों को लाभान्वित किया। राजस्व विभाग द्वारा 56 हिस्सा प्रमाण पत्र जारी किए गए।

शिविर के दौरान कुल 7 शिकायतें/समस्याएँ दर्ज हुईं, जिनमें से अधिकांश का जिलाधिकारी ने अधिकारियों की उपस्थिति में मौके पर ही निस्तारण किया। ग्रामीणों ने निर्माणाधीन देवराणा पेयजल योजना में तेजी लाने की मांग उठाई। वहीं, ग्रामीण खजान सिंह ने गैर मुगरसन्ति में सुरक्षा दीवार गिरने से मकान क्षतिग्रस्त होने की शिकायत की। डीएम ने तहसीलदार को तत्काल निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।

ग्रामीणों की सुविधा के लिए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि हर बुधवार को तिंया और गुरुवार को कफनोल में पटवारी चौकी पर राजस्व उपनिरीक्षक बैठेंगे ताकि राजस्व संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके। डीएम ने तिंया–देवराणा ट्रेक मार्ग और प्रस्तावित बौख टिब्बा ट्रेक मार्ग की जानकारी ली तथा तिंया में होम स्टे शुरू करने हेतु पर्यटन विभाग को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

शिविर के बाद जिलाधिकारी ने प्रगतिशील किसान जयप्रकाश थपलियाल की डेयरी यूनिट व गोबर गैस संयंत्र का निरीक्षण कर उनकी सराहना की। इसके बाद डीएम ने महिला समूह द्वारा संचालित मशरूम यूनिट का भी निरीक्षण किया। कार्यक्रम में ‘मेरी योजना’ पुस्तिका का भी वितरण किया गया।

शिविर में सीएओ एस.एस. वर्मा, सीवीओ एच.एस. बिष्ट, एसडीओ साधुलाल पलियाल, परियोजना प्रबंधक रीप कपिल उपाध्याय, बीडीओ कैलाश चंद रमोला सहित अनेक विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!