भंडारी क्लब मसूरी ने जीता चौथा स्व. गिरिश चंद घिल्डियाल मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल । चतुर्थ स्वर्गीय गिरिश चंद घिल्डियाल मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य समापन रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। फाइनल मैच भागीरथी दर्शन और भंडारी क्लब मसूरी के बीच खेला गया। टॉस जीतकर भागीरथी दर्शन ने खेल की शुरुआत की। निर्धारित समय तक दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कोई गोल नहीं किया, जिससे मुकाबला ड्रॉ रहा।
रेफरी द्वारा दिए गए अतिरिक्त समय में भी दोनों टीमें गोल करने में असफल रहीं। इसके बाद पेनाल्टी शूटआउट का सहारा लिया गया, जिसमें भंडारी क्लब मसूरी ने 4–2 से जीत दर्ज कर टूर्नामेंट की ट्रॉफी अपने नाम की।
इससे पूर्व खेले गए पहले सेमीफाइनल में भागीरथी दर्शन ने राड़ा क्लब दून को 2–0 से पराजित किया। भागीरथी दर्शन की ओर से सक्षम ने दो शानदार गोल दागे। दूसरे सेमीफाइनल में सम्राट स्पोर्ट्स टिहरी और मसूरी के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। निर्धारित समय तक गोलरहित बराबरी के बाद पेनाल्टी शूटआउट में मसूरी ने 3–2 से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल मुकाबले में भंडारी क्लब मसूरी ने सटीक रणनीति और बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए बाजी मारी।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि नगर पालिका टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में नीलकंठ डिमरी, हरीश घिल्डियाल, सम्राट स्पोर्ट्स के अशद आलम एवं देवेंद्र नौडियाल उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि ने गेंद पर किक मारकर फाइनल मैच का शुभारंभ किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
आयोजन समिति की ओर से विजेता टीम भंडारी क्लब मसूरी को ₹21,000 नकद एवं ट्रॉफी, जबकि उपविजेता भागीरथी दर्शन को ₹11,000 नकद एवं ट्रॉफी प्रदान की गई।
टूर्नामेंट में मसूरी के दिव्यांश नेगी को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया, जिन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 5 शानदार गोल किए। उन्हें उभरते खिलाड़ी (राइजिंग प्लेयर) की ट्रॉफी भी प्रदान की गई। फाइनल मुकाबले के ‘मैन ऑफ द मैच’ का पुरस्कार मसूरी के मनीष पंवार को मिला। राड़ा क्लब के गोलकीपर वैभव पाली को ‘गोलकीपर ऑफ द टूर्नामेंट’ तथा देववीर विक्रम को ‘बेस्ट रेफरी’ के सम्मान से नवाजा गया।
इस अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष हनुमंत महर, उपाध्यक्ष चक्रधर भद्री, सचिव एवं सभासद मानवेन्द्र रावत, कोषाध्यक्ष संजय घिल्डियाल सहित सरस्वती देवी, राजीव कठैत, दर्शन गुसाईं, अरविंद राणा, भगत चौहान, आशीष तोपवाल, शंभू गिरी, सतविंद्र देवी, रमेश, मनोज भंडारी, अमूल्य पैन्यूली, संजय पंवार, इमरान अली सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!