नागदेव पत्थल्ड में टीएचडीसी के सहयोग से चार माह का सिलाई प्रशिक्षण संपन्न, महिलाओं को मिले प्रमाण पत्र

टिहरी गढ़वाल। ग्राम सभा नागदेवपत्थल्ड में टीएचडीसी के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्र विकास समिति रानीचौरी द्वारा संचालित चार माह का महिला सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। समापन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती गीता डबराल (वार्ड-17, चंबा) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
मुख्य अतिथि श्रीमती गीता डबराल ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं और युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि कौशल आधारित प्रशिक्षण से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिलते हैं। उन्होंने प्रशिक्षकों, आयोजकों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।
प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं ने कार्यक्रम के संयोजक सुशील बहुगुणा का विशेष धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग से उन्हें यह उपयोगी प्रशिक्षण प्राप्त हुआ, जो भविष्य में आजीविका का सशक्त साधन बनेगा।
कार्यक्रम में संतोषी देवी (ग्राम प्रधान, स्वाड़ी), गोपाल सिंह (ग्राम प्रधान, कुड़ियाल गांव), मास्टर ट्रेनर रेखा नकोटी, गौरी देवी, कुम्भीवाला भट्ट एवं लक्ष्मी बहुगुणा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने प्रशिक्षणार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर अभ्यास कर स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए तथा सभी प्रतिभागियों ने टीएचडीसी एवं आयोजक समिति का आभार व्यक्त किया।



