जनरल करियप्पा फुटबॉल टूर्नामेंट: गढ़वाल हीरोज बना चैंपियन, फाइनल में 14 गढ़वाल को 2-0 से हराया

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 9 मार्च। हिमालयन O’2 द टिहरी लेक फेस्टिवल के अंतर्गत सोमवार को बौराड़ी स्टेडियम में आयोजित जनरल करियप्पा फुटबॉल टूर्नामेंट रोमांचक मुकाबले के साथ संपन्न हो गया। सेमीफाइनल और फाइनल मैचों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

सेमीफाइनल मुकाबलों में 14 गढ़वाल, आईआईएमटी मेरठ, 07 गढ़वाल और गढ़वाल हीरोज की टीमें आमने-सामने रहीं। कड़े मुकाबलों के बाद 14 गढ़वाल और गढ़वाल हीरोज की टीमें फाइनल में पहुंचीं।

फाइनल मुकाबले में गढ़वाल हीरोज और 14 गढ़वाल के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली। पूरे मैच में दोनों टीमों ने बेहतरीन खेल दिखाया, लेकिन गढ़वाल हीरोज की टीम ने शानदार तालमेल और आक्रामक खेल के दम पर 14 गढ़वाल को 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।

समापन समारोह में विजेता टीम गढ़वाल हीरोज को 1.50 लाख रुपये का चेक और ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उपविजेता टीम 14 गढ़वाल को 75 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। वहीं सेमीफाइनल तक पहुंचने वाली अन्य दोनों टीमों आईआईएमटी मेरठ और 07 गढ़वाल को 25-25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, नगर पालिका परिषद टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत और टूर्नामेंट अध्यक्ष राकेश भूषण गोदियाल ने खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इस मौके पर जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने कहा कि जनरल करियप्पा फुटबॉल टूर्नामेंट का इतिहास बेहद गौरवशाली रहा है। इसकी शुरुआत वर्ष 1951 में जनरल करियप्पा द्वारा की गई थी और अब इसे हिमालयन फेस्टिवल के माध्यम से फिर से जीवंत किया गया है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन की सफलता कई लोगों की सामूहिक मेहनत का परिणाम है और किसी भी बड़े कार्य में टीमवर्क की अहम भूमिका होती है।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस तरह के आयोजन टिहरी की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा देते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि ओल्ड टिहरी म्यूजियम जैसे प्रयासों से यहां आने वाले पर्यटकों को टिहरी के इतिहास और संस्कृति से भी जुड़ने का अवसर मिलेगा।
वहीं नगर पालिका परिषद टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने जिलाधिकारी और जिला प्रशासन का टूर्नामेंट का सफल आयोजन करवाने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे खेल आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और खेल संस्कृति को भी बढ़ावा मिलता है।

इस मौके पर टूर्नामेंट अध्यक्ष डॉ. राकेश भूषण गोदियाल, महासचिव हनुमंत महर, डीडीओ मोहम्मद असलम, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष शांति प्रसाद भट्ट, शहर अध्यक्ष कुलदीप पंवार, पूर्व फुटबॉलर बद्री सकलानी, भाजपा नेता जीतराम भट्ट, सभासद मानवेंद्र सिंह रावत, देवेन्द्र राणा सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे। ⚽🏆

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!