जूनियर हाई स्कूल पनियाली में 3 दिवसीय व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रम का समापन

टिहरी गढ़वाल। विकासखंड चंबा के अंतर्गत राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय पनियाली (ग्राम पंचायत जगधार) में हैस्को एवं मानव अधिकार संरक्षण संस्था, रानीचौरी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय व्यावसायिक शिक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में उद्यमी सुषमा बहुगुणा द्वारा छात्र-छात्राओं को व्यावहारिक कौशल सिखाए गए। प्रशिक्षण के दौरान बच्चों को वेस्ट प्लास्टिक रैपर और पिरुल (चीड़ की पत्तियों) से टोकरी, फूलदान एवं अन्य सजावटी सामग्री बनाने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि प्लास्टिक पर्यावरण के लिए अत्यंत हानिकारक है, जिससे जल, जंगल और जमीन प्रदूषित होते हैं। साथ ही यह भी प्रेरित किया गया कि प्लास्टिक के खाली रैपर एकत्र कर विद्यालय में जमा करें, जिससे न केवल स्वच्छता बढ़ेगी बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान मिलेगा।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती नंदी बहुगुणा ने कहा कि इस प्रकार के व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम बच्चों में स्वरोजगार की भावना विकसित करने के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी भी बढ़ाते हैं। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और लगन के साथ प्रशिक्षण में भाग लिया।
इस अवसर पर शिक्षक राजेंद्र सिंह चौहान, श्रीमती उर्मिला बुटोला, सूर्य मणि उनियाल, समाजसेवी संजय बहुगुणा सहित विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम ने बच्चों को हुनर, जागरूकता और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक नई प्रेरणा दी।



