एसएसपी आयुष अग्रवाल ने पुलिस लाइन चंबा का किया निरीक्षण, रिक्रूट आरक्षियों को दिए अनुशासन व समर्पण के मंत्र

टिहरी गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री आयुष अग्रवाल ने शुक्रवार को पुलिस लाइन चंबा का विस्तृत निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षणाधीन 60 नवनियुक्त रिक्रूट आरक्षियों को संबोधित करते हुए उन्हें अनुशासन, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ प्रशिक्षण पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया।
एसएसपी ने आरक्षियों से सीधे संवाद कर उनकी प्रशिक्षण प्रगति, दैनिक दिनचर्या और सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण काल पुलिस सेवा की नींव होता है, इसलिए इसे पूरी लगन और जिम्मेदारी के साथ पूरा करना आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान बैरकों की व्यवस्था, स्वच्छता, भोजन और अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया। व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए प्रतिसार निरीक्षक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने प्रशिक्षण स्टाफ को भी निर्देशित किया कि आरक्षियों को शारीरिक, मानसिक और व्यावसायिक रूप से मजबूत बनाने के लिए आधुनिक और उच्चस्तरीय प्रशिक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि वे भविष्य में पुलिस विभाग की अपेक्षाओं पर खरे उतर सकें।
इसके साथ ही पुलिस लाइन में चल रहे निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि पुलिस कर्मियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इस अवसर पर उपनिरीक्षक सुभाष चंद्र, लाइन मेजर रतन सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



