ऋषिकेश । देवभूमि उद्यमिता योजना 2.0 के अंतर्गत श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के पंडित ललित मोहन शर्मा परिसर, ऋषिकेश में द्वितीय उद्यमिता ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्यमिता के उन्नत आयामों से परिचित कराना तथा उनके व्यावसायिक विचारों को व्यवहारिक रूप देने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता देवभूमि उद्यमिता योजना की नोडल अधिकारी एवं सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इन टूरिज्म की निदेशक प्रोफेसर अनीता तोमर ने की। उन्होंने कहा कि यह द्वितीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम विद्यार्थियों को प्रारंभिक जानकारी से आगे बढ़ाकर वास्तविक उद्यम स्थापना की दिशा में मार्गदर्शन देने का महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने विद्यार्थियों को नवाचार, व्यावहारिक कौशल और जोखिम उठाने की क्षमता विकसित करने पर जोर देते हुए अपने विचारों को योजनाबद्ध तरीके से क्रियान्वित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में देवभूमि उद्यमिता योजना की डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर सुश्री सपना नेगी ने योजना के द्वितीय चरण की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने स्टार्टअप आइडिया वैलिडेशन, बिजनेस मॉडल कैनवास, वित्तीय प्रबंधन और मार्केटिंग रणनीतियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि चयनित विद्यार्थियों को मेंटरशिप, प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता और उद्योग विशेषज्ञों से जुड़ने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर एक इंटरएक्टिव वर्कशॉप सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को समूहों में विभाजित कर उनके स्टार्टअप आइडियाज पर कार्य कराया गया। प्रतिभागियों ने अपने विचार प्रस्तुत किए और विशेषज्ञों से तत्काल प्रतिक्रिया प्राप्त की। साथ ही पूर्व प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि प्रथम ओरिएंटेशन के बाद उन्होंने अपने विचारों पर काम शुरू किया और सकारात्मक परिणाम मिले, जिससे अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिली।
प्रोफेसर धर्मेंद्र तिवारी ने कहा कि वर्तमान समय में उद्यमिता युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है और विद्यार्थियों को पारंपरिक रोजगार विकल्पों से आगे बढ़कर नवाचार की दिशा में कार्य करना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. शालिनी रावत ने सभी अतिथियों, आयोजकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। परिसर निदेशक प्रोफेसर महावीर सिंह रावत ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के चरणबद्ध ओरिएंटेशन विद्यार्थियों को निरंतर सीखने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर एन. के. जोशी ने भी इस पहल को युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण बताते हुए ऐसे कार्यक्रमों को उपयोगी बताया।
कार्यक्रम में कुल 86 छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उत्साह, नवाचार के प्रति बढ़ती रुचि और उद्यमिता की दिशा में ठोस कदम उठाने के संकल्प के साथ हुआ।
देवभूमि उद्यमिता योजना 2.0 के तहत ऋषिकेश परिसर में द्वितीय उद्यमिता ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



