हरिद्वार। बाबा विश्वनाथ मां जगदीशिला डोली रथ यात्रा– 2026 इस वर्ष श्रद्धा और भक्ति के माहौल में भव्य रूप से आयोजित की जा रही है। यात्रा संयोजक मंत्री प्रसाद नैथानी के नेतृत्व में निकल रही यह डोली रथ यात्रा प्रदेशभर में श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
यात्रा संयोजक मंत्री प्रसाद नैथानी के अनुसार 28 दिवसीय देव दर्शन यात्रा 28 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होकर गंगा दशहरा 25 जून 2026 तक विभिन्न स्थानों पर आयोजित की जाएगी। यात्रा के दौरान बाबा श्री विश्वनाथ एवं माँ जगदीशिला की पावन डोली अलग-अलग नगरों और गांवों में पहुंचकर श्रद्धालुओं को दर्शन दे रही है तथा धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में हरिद्वार पहुंचने पर डोली का भव्य स्वागत किया गया। भारत माता मंदिर के महामंडलेश्वर पूज्य ललितानंद गिरि महाराज, गंगा सभा हरिद्वार के अध्यक्ष नितिन गौतम एवं महामंत्री तनमय बशिष्ट सहित श्रद्धालुओं ने डोली का स्वागत किया।
इस अवसर पर गंगा तट पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न की गई तथा श्रद्धालुओं ने पवित्र गंगा स्नान कर बाबा विश्वनाथ और माँ जगदीशिला से सुख-समृद्धि की कामना की।यात्रा के दौरान “हर हर गंगे” और “जय बाबा विश्वनाथ-जय माँ जगदीशिला” के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने डोली के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।




