टिहरी गढ़वाल। जनपद टिहरी गढ़वाल के देवप्रयाग-कीर्तिनगर मार्ग पर आज तड़के एक गंभीर सड़क दुर्घटना हो गई, जिसमें पिकअप वाहन का चालक वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गया। घटना के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने एक बड़ा हादसा टाल दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 01 मई 2026 को सुबह करीब 03:45 बजे डायल 112 के माध्यम से थाना देवप्रयाग पुलिस को सूचना मिली कि एक सीमेंट टैंकर (बलकर) और महिंद्रा पिकअप के बीच जोरदार टक्कर हो गई है। हादसा इतना भीषण था कि पिकअप चालक वाहन में फंस गया।
सूचना मिलते ही चौकी भल्लेगांव से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। टीम में उपनिरीक्षक योगेंद्र शर्मा, हेड कांस्टेबल देवेंद्र सिंह और होमगार्ड रमेश शामिल थे। उन्होंने बिना समय गंवाए रेस्क्यू अभियान शुरू किया।मौके पर UK08 CB-5143 महिंद्रा पिकअप वाहन आगे से बुरी तरह क्षतिग्रस्त मिला, जबकि PB13 BU 1380 सीमेंट टैंकर कुछ दूरी पर खड़ा था। पिकअप चालक वकील (50 वर्ष), निवासी रुड़की वाहन के अंदर फंसा हुआ था।
पुलिस टीम ने सूझबूझ का परिचय देते हुए दूसरे वाहन की मदद से पिकअप की खिड़की को खींचकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद घायल को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया और उसके साथी के साथ 112 एम्बुलेंस के जरिए राजकीय चिकित्सालय श्रीनगर भेजा गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिकअप वाहन सब्जियां लेकर ज्वालापुर से गुप्तकाशी जा रहा था, जबकि सीमेंट टैंकर कर्णप्रयाग से ऋषिकेश की ओर आ रहा था।👉 टिहरी पुलिस की तत्परता और बहादुरी के चलते एक व्यक्ति की जान बचाई जा सकी। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस के इस सराहनीय कार्य की जमकर प्रशंसा की है।🟢 टिहरी पुलिस — हर परिस्थिति में आपके साथ।




