ऋषिकेश। आज दिनांक 9 मई को सायं करीब 4 बजे लक्ष्मण झूला थाना क्षेत्र के अंतर्गत हिल्टन रैपिड के पास एक युवक के गंगा नदी में डूबने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की डीप डाइविंग टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
टीम द्वारा नदी में डीप डाइवर उतारकर सभी संभावित स्थानों पर युवक की तलाश की जा रही है। घटनास्थल पर स्थानीय पुलिस और जल पुलिस भी मौजूद है और आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है। युवक की खोजबीन लगातार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक पास स्थित सीताराम आश्रम में कथा सुनने आया था। इस दौरान वह अपने एक साथी के साथ नहाने के लिए नदी में उतर गया, जबकि यह क्षेत्र प्रतिबंधित घाट बताया जा रहा है। नहाते समय तेज बहाव की चपेट में आने से युवक बह गया।डूबने वाले युवक की पहचान हर्षित उपाध्याय (20 वर्ष) पुत्र नंद किशोर, निवासी ग्राम सीमा रिस्टना, भीकियासैंण, जिला अल्मोड़ा के रूप में हुई है। परिचय पत्र के अनुसार वह श्रीरंगमलक्मी आदर्श संस्कृत महाविद्यालय, श्रीधाम वृंदावन (जिला मथुरा) का छात्र था।




