टिहरी गढ़वाल, 14 मई 2026 । जनपद टिहरी गढ़वाल में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में ग्राम्य विकास एवं स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने की। इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने मंत्री सहित किशोर उपाध्याय एवं शक्तिलाल शाह का स्वागत किया।
बैठक में मंत्री ने निर्देश दिए कि उत्पादन इकाइयों में महिलाओं को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने स्कूल ड्रेस आदि का उत्पादन स्थानीय स्तर पर शुरू करने और रोजगार बढ़ाने पर जोर दिया।मंत्री ने कीवी, बुरांश और पुलम जैसे स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की बात कही। साथ ही बुरांश के शुद्ध रस की पैकेजिंग सुधारने और प्लम से जुड़े उद्योग विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मालू के पत्तों के उपयोग को भी बढ़ावा देने की बात कही।इसके अलावा बेकरी और पशुपालन के क्षेत्र में अधिक अवसर होने की बात कहते हुए लोगों को इनसे जोड़ने पर जोर दिया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जिले में बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं और विभिन्न योजनाओं के तहत लोगों को रोजगार से जोड़ा जा रहा है।बैठक में विभिन्न जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।




