सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज ढालवाला में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को साइबर अपराधों से बचाव हेतु किया गया जागरूक
टिहरी गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्रीमती श्वेता चौबे की पहल पर जनपद में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं आमजन, विशेषकर युवाओं व छात्र छात्राओं को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने हेतु लगातार साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
उपरोक्त पहल के क्रम दिनांक 22.05.2026 को अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के निकट पर्यवेक्षण में साइबर क्राइम सेल, जनपद टिहरी गढ़वाल द्वारा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, ढालवाला मुनिकीरेती में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकगण एवं अन्य स्टाफ सदस्यों को वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए ऑनलाइन फ्रॉड, फिशिंग, सोशल मीडिया हैकिंग, फेक लिंक, ओटीपी/केवाईसी धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट एवं बैंकिंग फ्रॉड आदि साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
साइबर टीम द्वारा उपस्थित लोगों को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, किसी भी अनजान कॉल, लिंक अथवा मैसेज पर व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने तथा साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 एवं राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने हेतु जागरूक किया गया।
टिहरी पुलिस द्वारा जनपद के विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क एवं जागरूक किया जा रहा है।




