टिहरी गढ़वाल। अमर शहीद श्रीदेव सुमन की जयंती के अवसर पर आज नई टिहरी के सुमन पार्क में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए पुष्प अर्पित किए। कार्यक्रम में वक्ताओं ने श्रीदेव सुमन के त्याग, संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने टिहरी रियासत की जनता के अधिकारों और स्वतंत्रता के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।
इस अवसर पर टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि श्रीदेव सुमन का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने अन्याय और दमन के खिलाफ आवाज उठाकर उत्तराखंड के इतिहास में अमिट पहचान बनाई।
भाजपा जिलाध्यक्ष उदय सिंह रावत ने कहा कि श्रीदेव सुमन का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा और नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेनी चाहिए।
कार्यक्रम में भाजपा मीडिया प्रभारी राजेंद्र डोभाल, कार्यालय प्रभारी जयेंद्र पंवार, सभासद विजय कठैत, कुशला नंद भट्ट, शीशराम थपलियाल सहित अन्य कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने श्रीदेव सुमन जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।




