हिंदी पत्रकारिता दिवस पर न्यू टिहरी प्रेस क्लब में गोष्ठी, ‘उदन्त मार्तण्ड’ से लेकर सोशल मीडिया युग की चुनौतियों पर हुई चर्चा
टिहरी गढ़वाल, 30 मई। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर न्यू टिहरी प्रेस क्लब में आयोजित “सोशल मीडिया के दौर में पत्रकारिता की चुनौतियां” विषयक गोष्ठी में वक्ताओं ने पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, फेक न्यूज की चुनौती और मुख्यधारा मीडिया की भूमिका पर विस्तार से विचार रखे। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि डॉ हरक सिंह रावत जी द्वारा पत्रकारों को सम्मानित किया गया ।
मुख्य अतिथि पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस प्रदेश चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि हिंदी भाषा और पत्रकारिता को जीवंत बनाए रखना मीडिया की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने हिंदी पत्रकारिता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 30 मई 1826 को पंडित जुगल किशोर शुक्ल ने ‘उदन्त मार्तण्ड’ नामक हिंदी के प्रथम समाचार पत्र का प्रकाशन शुरू किया था। उस समय देश की लगभग 80 प्रतिशत आबादी हिंदी भाषी थी, लेकिन हिंदी पत्रकारिता को स्थापित करना आसान नहीं था। उन्होंने कहा कि आजादी से पहले अखबार निकालना “टेढ़ी खीर” के समान था। संसाधनों और सरकारी सहयोग के अभाव में ‘उदन्त मार्तण्ड’ का प्रकाशन मात्र 79 अंकों के बाद बंद करना पड़ा, लेकिन इस अखबार ने हिंदी पत्रकारिता की जो मजबूत नींव रखी आज उसे बरकरार रखने की जरूरत है।
डॉ. रावत ने कहा कि समय के साथ पत्रकारिता के स्वरूप में व्यापक परिवर्तन आया है। पहले समाचारों के प्रकाशन और प्रसार में कई दिन लग जाते थे, जबकि आज डिजिटल तकनीक और सोशल मीडिया के माध्यम से सूचनाएं कुछ ही क्षणों में दुनिया भर में पहुंच जाती हैं। उन्होंने कहा कि सूचना क्रांति के इस दौर में जहां खबरें तेजी से प्रसारित हो रही हैं, वहीं फेक न्यूज और भ्रामक सूचनाओं की चुनौती भी बढ़ी है। ऐसे समय में तथ्यपरक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक है।
विशिष्ट अतिथि एवं प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी ने कहा कि सोशल मीडिया ने आम लोगों को सूचना साझा करने का मंच दिया है और आज हर व्यक्ति किसी न किसी रूप में पत्रकार की भूमिका निभा रहा है। लेकिन इसके कारण सही और गलत खबरों के बीच अंतर करना कठिन होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि कई बार सनसनीखेज खबरें अधिक प्रसारित होती हैं, जबकि जनहित और समस्याओं से जुड़ी खबरें पीछे छूट जाती हैं। इसके बावजूद मुख्यधारा के पत्रकार समाज की आवाज बनकर जनसमस्याओं को उठाने और व्यवस्था को जागरूक करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं।
गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता केवल सूचना देने का माध्यम नहीं, बल्कि लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ है। पत्रकारों की जिम्मेदारी है कि वे समाज को सही दिशा देने के साथ-साथ सत्य और तथ्यों पर आधारित समाचार जनता तक पहुंचाएं।
कार्यक्रम के दौरान संस्कृति विभाग की टीम ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। वहीं पत्रकारिता के क्षेत्र में योगदान देने वाले पत्रकारों को सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, जिला पंचायत सदस्य विजय पाल रावत, महिला कांग्रेस अध्यक्ष आशा रावत, मुशर्रफ अली, महिपाल नेगी, नागरिक मंच से सुंदरलाल उनियाल, चंडी प्रसाद डबराल, त्रिलोक चंद रमोला, पूर्व अध्यक्ष राकेश राणा , प्रेस क्लब अध्यक्ष अनुराग उनियाल, महामंत्री विजय गुसाईं, गोविंद बिष्ट, देवेंद्र दुमोगा, गंगा दत्त थपलियाल , विक्रम बिष्ट, गोविंद पुंडीर, बलवीर नेगी, प्रदीप डबराल, मुकेश रतूड़ी, यशपाल सजवान, धनपाल गुनसोला, बलवंत रावत, रजत प्रताप सिंह, सूर्य रमोला, ओम रमोला, अंकित मित्तल, विजय पाल राणा, सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अंत में प्रेस क्लब अध्यक्ष अनुराग उनियाल ने कार्यक्रम समापन की घोषणा की । संचालन महामंत्री विजय गुसाई द्वारा किया गया।




