गंगा में फंसे युवक का एसडीआरएफ ने किया सफल रेस्क्यू, दूसरी घटना में दिल्ली का युवक डूबा, सर्च ऑपरेशन जारी

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

ऋषिकेश/शिवपुरी, 14 जून। गंगा नदी में रविवार को दो अलग-अलग घटनाओं में एसडीआरएफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को सुरक्षित बचाया, जबकि दूसरी घटना में दिल्ली निवासी युवक के डूबने के बाद सर्च अभियान लगातार जारी है।
गंगा की तेज धाराओं के बीच पहाड़ी पर फंसे युवक को बचाया
सुबह करीब 9 बजे एसडीआरएफ ढालवाला टीम को सूचना मिली कि 84 कुटिया के नीचे गंगा नदी के बीच स्थित एक पहाड़ी पर एक युवक फंसा हुआ है और सहायता के लिए संकेत कर रहा है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ टीम आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची।
जांच में पता चला कि युवक नदी में बहकर उक्त पहाड़ी तक पहुंच गया था। तेज जलधारा और अंधेरा होने के कारण वह वापस नहीं लौट सका और पूरी रात वहीं फंसा रहा। एसडीआरएफ टीम ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में छोटी रेस्क्यू बोट के जरिए युवक तक पहुंच बनाकर उसे सुरक्षित बाहर निकाला और त्रिवेणी घाट पहुंचाया।
रेस्क्यू किए गए युवक की पहचान करण कुमार पासवान (21 वर्ष) पुत्र सुरेंद्र पासवान, निवासी आरा (बिहार) के रूप में हुई है। युवक पूरी तरह स्वस्थ पाया गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने एसडीआरएफ की तत्परता की सराहना की।
प्रतिबंधित घाट पर नहाने गया दिल्ली का युवक डूबा
वहीं दूसरी घटना में शिवपुरी क्षेत्र स्थित प्रतिबंधित यूसुफ घाट पर नहाने के दौरान दिल्ली निवासी एक युवक गंगा नदी में डूब गया। जिला कंट्रोल रूम से सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की डीप डाइविंग टीम और आपदा राहत दल तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए।
जानकारी के अनुसार राहुल चौहान (25 वर्ष) पुत्र सुभाष चौहान, अपने छह दोस्तों के साथ दिल्ली से ऋषिकेश घूमने आया था। सभी युवक प्रतिबंधित घाट पर नहाने पहुंचे, जहां राहुल गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव में डूब गया। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
एसडीआरएफ की डीप डाइविंग टीम द्वारा संभावित क्षेत्र में गहन सर्च अभियान चलाया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई पता नहीं चल सका था।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!