कांग्रेस महिला जिलाध्यक्ष आशा रावत ने केतन के परिजनों से की मुलाकात, न्यायपूर्ण जांच की पैरवी

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 16 जून । प्रतापनगर क्षेत्र में हुए चर्चित केतन हत्याकांड को लेकर कांग्रेस महिला जिलाध्यक्ष आशा रावत ने देवल स्थित मृतक के आवास पहुंचकर शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान उनके साथ महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष लक्ष्मी रावत एवं जिला सचिव अनीता शाह भी मौजूद रहीं।
आशा रावत ने कहा कि किसी भी परिवार के जवान बेटे की असमय मृत्यु अत्यंत पीड़ादायक है और ऐसे समय में पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होना मानवता का कर्तव्य है, इसे राजनीतिक दृष्टि से नहीं देखा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इस संवेदनशील मामले में जांच पूरी होने से पहले किसी को दोषी या निर्दोष ठहराना उचित नहीं है। सत्य वही होगा जो जांच, साक्ष्यों और कानून की प्रक्रिया के आधार पर सामने आएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच में किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या जघन्य अपराध की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए और यदि जांच किसी अन्य दिशा में जाती है तब भी जो भी दोषी होगा, उसे कानून के अनुसार दंड मिलना चाहिए।
आशा रावत ने कहा कि इस घटना को जातीय या राजनीतिक नजरिए से देखने की बजाय सामाजिक संवेदनशीलता के साथ देखा जाना चाहिए। उन्होंने सभी पक्षों से अपील की कि अफवाहों से बचें, समाज में वैमनस्य न फैलाएं और कानून को अपना कार्य निष्पक्ष रूप से करने दें। उन्होंने नाबालिग की पहचान और फोटो सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसा करना कानूनन अपराध है ।
उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी पक्ष का समर्थन या विरोध नहीं, बल्कि सत्य, न्याय और प्रतापनगर की सामाजिक एकता बनाए रखना है। उन्होंने कहा, “किसी के दुःख में शामिल होना समर्थन नहीं होता और न्याय की मांग करना पक्षपात नहीं होता।”

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!