टिहरी गढ़वाल । टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड द्वारा अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) कार्यक्रम के अंतर्गत भागीरथीपुरम में आयोजित 25 दिवसीय “मिशन शक्ति-2026” कार्यक्रम का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ।
टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक, श्री सिपन कुमार गर्ग के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र की बालिकाओं के समग्र व्यक्तित्व विकास, आत्मनिर्भरता एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के समापन समारोह के मुख्य अतिथि टिहरी विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक श्री किशोर उपाध्याय रहे।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि श्री किशोर उपाध्याय ने टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड द्वारा बालिका सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि “मिशन शक्ति-2026” जैसी पहलें बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं आत्मनिर्भरता का विकास करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि आज की बेटियां प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं तथा ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करते हैं।
उन्होंने प्रतिभागी बालिकाओं को आह्वान किया कि वे कार्यशाला के दौरान अर्जित ज्ञान एवं अनुभव को अपने जीवन में आत्मसात करें तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन की वाहक बनें। उन्होंने बालिकाओं से पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूक रहने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रकृति एवं पर्यावरण का संरक्षण प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है तथा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाना आवश्यक है। साथ ही उन्होंने महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक विकास के क्षेत्र में टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड की प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रमों का निरंतर आयोजन किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं द्वारा 25 दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान तैयार की गई हस्तनिर्मित एवं रचनात्मक सामग्री की प्रदर्शनी भी आयोजित की गई। इसके अतिरिक्त छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं आत्मरक्षा (सेल्फ डिफेंस) से संबंधित गतिविधियों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया । मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर छात्राओं की रचनात्मकता की सराहना की तथा सांस्कृतिक एवं आत्मरक्षा प्रदर्शनों की प्रशंसा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम रिपब्लिक फाउंडेशन सोसायटी, देहरादून (Republic Foundation Society, Dehradun) के सहयोग से संचालित किया गया, जिसके अंतर्गत छात्राओं को व्यक्तित्व विकास, कौशल विकास, डिजिटल जागरूकता, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, योग, आत्मरक्षा तथा अन्य जीवनोपयोगी विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया। समारोह में प्रतिभागी छात्राओं को प्रशिक्षण पूर्ण करने पर प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।
इस अवसर पर महाप्रबंधक (पी.एस.पी.) श्री एस.के.शाहू, अपर महाप्रबंधक (नियोजन) श्री विपिन सकलानी, अपर महाप्रबंधक (वित्त एवं लेखा) श्री ए.पी. बाजपेई, अपर महाप्रबंधक (यांत्रिक) श्री संजय पंवार, तरंगिनी ऑफिसर्स महिला क्लब की उपधिक्षिका श्रीमती सस्मिता शाहू एवं अन्य सदस्यायें,उपमहाप्रबंधक (मानव संसाधन एवं प्रशासन) श्री मोहन सिंह श्रीस्वाल, उपमहाप्रबंधक (आई.टी.) श्री सुशील उनियाल, वरिष्ठ प्रबंधक (सी.एस.आर.) श्री नरेंद्र मखलोगा, प्रबंधक (जनसम्पर्क) श्री मनबीर सिंह नेगी, प्रबंधक (मानव संसाधन एवं प्रशासन) श्री दीपक उनियाल, श्रीमती अदिति इन्दौरिया, श्री के.एस. पंवार सहित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे ।




