ऋषिकेश/टिहरी गढ़वाल, 27 जून 2026। बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिंघताली पुल के समीप गंगा नदी में स्नान के दौरान दिल्ली के दो युवक तेज बहाव में बह गए। घटना शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे की है। सूचना मिलते ही SDRF की ढालवाला और ब्यासी पोस्ट की टीमें स्थानीय पुलिस के साथ मौके पर पहुंचीं और सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार दिल्ली से आए छह युवकों का एक समूह सिंघताली पुल के पास गंगा में स्नान कर रहा था। इसी दौरान दो युवक गहरे पानी में चले गए और तेज धारा की चपेट में आकर लापता हो गए। उनके साथियों ने तुरंत जिला कंट्रोल रूम को सूचना दी।
लापता युवकों की पहचान प्रेम (26 वर्ष), पुत्र हरीशचंद्र, निवासी जड़ौदा, बुराड़ी, नई दिल्ली तथा राजन (24 वर्ष), निवासी संगम विहार, दिल्ली के रूप में हुई है।
SDRF के प्रशिक्षित डीप डाइवर्स नदी में संभावित स्थानों पर लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं। हालांकि गंगा का जलस्तर बढ़ने, पानी के अत्यधिक मटमैला होने और तेज बहाव के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद SDRF और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार खोजबीन में जुटी हुई हैं। घटना की सूचना दोनों युवकों के परिजनों को भी दे दी गई है।
SDRF की अपील
SDRF उत्तराखंड ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण नदियों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। ऐसे में गंगा या अन्य नदियों में असुरक्षित स्थानों पर स्नान करने से बचें और केवल अधिकृत एवं सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें। प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों और चेतावनी बोर्डों का पालन कर स्वयं एवं अपने परिजनों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
सिंघताली पुल के पास गंगा में नहाते समय दिल्ली के दो युवक लापता, SDRF का सर्च अभियान जारी

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



