ऋषिकेश/टिहरी, 5 जुलाई। थाना लक्ष्मणझूला क्षेत्र के गुलर के पास सिरासू पुल के निकट रविवार दोपहर गंगा में स्नान के दौरान मेरठ निवासी एक युवक तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गया। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की डीप डाइविंग टीम और लक्ष्मणझूला पुलिस ने संयुक्त रूप से सर्च अभियान शुरू किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवक का पता नहीं चल सका था। कंट्रोल रूम से अपराह्न करीब दो बजे सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की डीप डाइविंग टीम ढालवाला तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मेरठ (उत्तर प्रदेश) से आए पांच युवक गंगा नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान 23 वर्षीय सार्थक पुत्र विनोद कुमार का संतुलन बिगड़ गया और वह गंगा की तेज धारा में बहकर डूब गया।एसडीआरएफ और थाना लक्ष्मणझूला पुलिस ने संयुक्त रूप से संभावित स्थानों पर डीप डाइविंग उपकरणों और कांटों की सहायता से गहन तलाशी अभियान चलाया। हालांकि गंगा का जलस्तर सामान्य से काफी अधिक होने के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया था और खोजबीन लगातार जारी थी।
डूबे युवक की पहचान सार्थक (23 वर्ष), पुत्र विनोद कुमार, निवासी खाकर खेड़ा बाईपास, मेरठ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। बताया गया कि वह गाजियाबाद स्थित एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था।
इस घटना के बाद एसडीआरएफ उत्तराखंड ने पर्यटकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि गंगा का जलस्तर इन दिनों सामान्य से अधिक है। ऐसे में नदी किनारे असुरक्षित स्थानों पर जाने या स्नान करने से बचें तथा केवल अधिकृत और सुरक्षित घाटों का ही उपयोग करें। विभाग ने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।




