अदिति सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में हैदराबाद करेंगी ज्वाइनिंग, क्षेत्र में खुशी की लहर
गजा से डीपी उनियाल
टिहरी गढ़वाल 14 जुलाई। विकासखंड चंबा की धार अकरिया पट्टी के खलुण (दुवाकोटी) गांव की होनहार बेटी अदिति चौहान ने अपनी प्रतिभा के दम पर प्रतिष्ठित बहुराष्ट्रीय कंपनी अमेजन (Amazon) में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर 47.88 लाख रुपये के वार्षिक पैकेज पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अदिति जल्द ही कंपनी के हैदराबाद कार्यालय में अपनी सेवाएं देंगी।
अदिति बचपन से ही मेधावी छात्रा रही हैं। उन्होंने हाईस्कूल की परीक्षा कार्मल स्कूल, चंबा से 96.06 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की। इसके बाद सेंट जोसेफ्स कॉलेज, देहरादून से इंटरमीडिएट में 96 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने ग्राफिक एरा (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी), देहरादून से कंप्यूटर साइंस में बीटेक किया।
अदिति के पिता राजेंद्र सिंह चौहान राजकीय हाईस्कूल ओबरी में शिक्षक हैं, जबकि माता श्रीमती बबीता चौहान प्राथमिक विद्यालय बंजारावाला में शिक्षिका हैं।
अपनी सफलता पर अदिति ने कहा कि यह उपलब्धि ईश्वर की कृपा, गुरुजनों के मार्गदर्शन, माता-पिता के सहयोग तथा दादा-दादी के आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने युवाओं से लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर निरंतर मेहनत करने का संदेश भी दिया।
अदिति की इस उपलब्धि पर नगर पंचायत गजा के अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान, पूर्व प्रमुख शिवानी बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य ताजबीर सिंह खाती, सामाजिक कार्यकर्ता एवं पत्रकार डी.पी. उनियाल, भाजपा मंडल महामंत्री सुनील चौहान, ग्राम प्रधान ममता चौहान, क्षेत्र पंचायत सदस्य पुष्पा चौहान, शिक्षक कुलदीप रांगड़, तेजोमई बधानी, शिवानी कोठियाल, भारती, घीमन सिंह रावत, अरविंद कोठियाल, मंजू राणा सहित राजकीय शिक्षक संघ, प्राथमिक शिक्षक संघ और जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




