ऋषिकेश/लक्ष्मणझूला, 23 जुलाई 2026। लक्ष्मणझूला क्षेत्र में गंगा नदी में स्नान के दौरान एक 22 वर्षीय युवक तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गया। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, लक्ष्मणझूला पुलिस और जल पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर गहन सर्च अभियान शुरू कर दिया, जो देर शाम तक जारी रहा।
जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 10 बजे बजरंग सेतु के समीप घाट पर चार युवक गंगा में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव में बह गया। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह देखते ही देखते नदी की गहराइयों में समा गया।
घटना की सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट ढालवाला की टीम डीप डाइविंग उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने नदी में गहन तलाशी अभियान चलाया। इसके साथ ही घटनास्थल से लेकर पशुलोक बैराज तक संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका था।
लापता युवक की पहचान शिवांशु राज (22 वर्ष) पुत्र अनूप पांडे के रूप में हुई है। वह मूल रूप से पश्चिम चंपारण (बेतिया), बिहार का निवासी था और वर्तमान में नेहरू प्लेस, नई दिल्ली में रहकर एक निजी कंपनी में कार्यरत था। वह अपने तीन दोस्तों के साथ घूमने के लिए लक्ष्मणझूला आया था।
घटना की सूचना युवक के परिजनों को दे दी गई है। मौके पर लक्ष्मणझूला पुलिस, जल पुलिस और SDRF की टीम संयुक्त रूप से राहत एवं खोज अभियान में जुटी हुई है।
SDRF की अपील
SDRF ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि वर्षा ऋतु में गंगा नदी का जलस्तर और बहाव अत्यधिक खतरनाक हो जाता है। ऐसे में प्रतिबंधित या असुरक्षित स्थानों पर स्नान करने से बचें तथा प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें। थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।
गंगा के तेज बहाव में बहा दिल्ली में कार्यरत बिहार का युवक, लक्ष्मणझूला में SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



