डीएम नितिका खण्डेलवाल ने कहा—गुरु जीवन को सही दिशा देने के साथ संस्कारों की नींव मजबूत करते हैं
टिहरी गढ़वाल 29 जुलाई। अखिल विश्व गायत्री परिवार शक्तिपीठ, नई टिहरी में बुधवार को गुरुपूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से संतों एवं श्रद्धालुओं को गुरुपूर्णिमा की शुभकामनाएं प्रेषित कीं और देवभूमि उत्तराखंड के जैविक उत्पाद संतों को भेंट किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर गायत्री परिवार की ओर से जिलाधिकारी को अंगवस्त्र एवं धार्मिक साहित्य भेंट कर सम्मानित किया गया।
गायत्री भवन स्थित साधना केंद्र में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने सभी संतों, श्रद्धालुओं और गायत्री परिवार के सदस्यों को गुरुपूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु व्यक्ति को सच्चाई, ईमानदारी और सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। गुरु का स्थान प्राप्त करने वाले व्यक्ति का आचरण ऐसा होना चाहिए, जिससे वह समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बन सके।
डीएम ने कहा कि जब व्यक्ति अच्छा बनेगा तो परिवार अच्छा बनेगा और अच्छे परिवार मिलकर मजबूत राष्ट्र का निर्माण करेंगे। व्यक्ति के स्वभाव और सोच पर उसके आसपास के वातावरण का भी गहरा प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि टिहरी के लोग सकारात्मक सोच के लिए पहचाने जाते हैं और यही जिले की विशेष पहचान है।
उन्होंने कहा कि गायत्री परिवार समाज को जोड़ने और राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ कार्य कर रहा है। आज आवश्यकता है कि बच्चों और नई पीढ़ी को बेहतर संस्कार देने के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार किया जाए। समाज का वातावरण जैसा होगा, आने वाली पीढ़ी पर भी उसका वैसा ही प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने लोगों से गुरुजनों का सम्मान करने, उनके बताए मार्ग पर चलने तथा समाजहित के कार्यों में मिलकर आगे आने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष नई टिहरी मोहन सिंह रावत, विजय जड़धारी, सुशील बहुगुणा, शांतिकुंज से बीपी बधानी, देवी सिंह पंवार, कुंवर सिंह राणा, कृष्ण भूषण पेटवाल सहित संतजन, गायत्री परिवार के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।





