Ad image

सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर आयुक्त सख्त, जनता मिलन में 80 प्रकरणों की सुनवाई

Govind Pundir
6 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

समयबद्ध निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : आयुक्त गढ़वाल मंडल

टिहरी गढ़वाल 03 अगस्त, 2026। आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कुल 80 शिकायतें एवं मांगपत्र प्राप्त हुए, जिनमें अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष प्रकरणों को त्वरित एवं समयबद्ध कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को प्रेषित किया गया।

जनता मिलन के दौरान जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने आयुक्त को सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों एवं उनके निस्तारण की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को 36 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस दौरान आयुक्त ने सीएम हेल्पलाइन के एक शिकायतकर्ता से दूरभाष पर वार्ता कर शिकायत की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय से संबंधित अधिक शिकायतें प्राप्त होने पर आयुक्त ने विश्वविद्यालय प्रशासन को एक सार्वजनिक हेल्पलाइन नंबर जारी करने तथा सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त होने वाली शिकायतों के प्रकार का विश्लेषण करने के निर्देश दिए।

आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप ने कहा कि जनता मिलन में कई फरियादी पूर्व में दर्ज शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई न होने के कारण पुनः पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि मुख्य रूप से लोक निर्माण विभाग के प्रतिकर, बीआरओ, मुआवजा एवं सड़क निर्माण से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुई हैं। अधिकांश शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई की गई है तथा जिन मामलों में जांच अपेक्षित है, उनका एक सप्ताह के भीतर निस्तारण कर शिकायतकर्ताओं को अवगत कराने के निर्देश दिए।

जनता मिलन में पुनर्वास, मुआवजा वितरण, आपदा से क्षतिग्रस्त आवास, लोक निर्माण विभाग, सड़क, संचार, विद्युत, पेयजल, आर्थिक सहायता, आवास, राशन वितरण, दिव्यांग प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, विवाह अनुदान सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। आयुक्त ने सड़क कटान से प्रभावित मुआवजा प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मानसून के दौरान सड़कों से जुड़ी समस्याओं को देखते हुए जिलाधिकारी को एनएच के अधिकारियों के साथ नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित करने तथा आगामी बैठकों में एनएच के अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित कराने को कहा।

जिला पंचायत सदस्य मंदार विजयपाल सिंह रावत ने विकासखंड जाखणीधार के पट्टी ढुंग मंदार क्षेत्र में बैंक शाखा खोलने, खैट पर्वत मार्ग एवं पीढ़ी मंदिर मार्ग की व्यवस्थाओं में सुधार, शौचालय निर्माण, लंबित मुआवजा पत्रावलियों एवं सड़क निर्माण कार्यों में तेजी लाने, समेंड़ीधार खेल मैदान के विस्तार की मांग उठाई। इस पर आयुक्त ने जिलाधिकारी को संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी प्रकरणों का परीक्षण कराने, सड़क संबंधी मुआवजा प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कराने तथा अन्य मांगों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विकासखंड प्रतापनगर के भेंकी निवासी अमित सिंह ने बताया कि गत 31 मई को उनकी आभूषण की दुकान में चोरी हुई थी। पुलिस द्वारा दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, लेकिन चोरी गया सामान अभी तक बरामद नहीं हो सका है। इस पर आयुक्त ने कहा कि प्रकरण को आईजी गढ़वाल के संज्ञान में लाया जाएगा ताकि आवश्यक कार्रवाई कराई जा सके। विकासखंड घनसाली के चामी गांव की सोहनलता रावत ने खेत में लगे विद्युत ट्रांसफार्मर को हटाने की मांग की, जिस पर आयुक्त ने विद्युत विभाग को परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। धनोल्टी निवासी विवेकानंद सकलानी ने वृक्ष मानव विश्वेश्वर दत्त सकलानी की विरासत के संरक्षण हेतु आर्थिक सहायता तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार की पेंशन संबंधी मांग रखी। वहीं थान-चंबा निवासी राजेंद्र सिंह के कृषि ऋण संबंधी आवेदन पर जिलाधिकारी को परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

टिहरी निवासी बलवीर परमार की लोक निर्माण विभाग से संबंधित शिकायत पर आयुक्त ने अपर जिलाधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। भौनियाड़ा निवासी सुमति देवी ने पुत्री के विवाह हेतु आर्थिक सहायता तथा कपलोग निवासी कल्पना पंवार ने श्रम विभाग की योजनाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर आयुक्त ने श्रम विभाग को नियमानुसार विवाह अनुदान उपलब्ध कराने तथा श्रमिकों के पंजीकरण एवं नवीनीकरण के लिए न्याय पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने सभी अधिकारियों को आयुक्त गढ़वाल मंडल द्वारा दिए गए निर्देशों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित करते हुए संबंधित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, डीएफओ पुनीत तोमर, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, डीडीओ मो. असलम, एसडीएम कमलेश मेहता, अधीक्षण अभियंता लोनिवि के. एस. नेगी, एसएलएओ नीलू चावला, सीवीओ डाँ. डी.के. शर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रेष्ठा भाकुनी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी साक्षी शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!