जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार: 45 न्याय पंचायतों में 15 हजार से अधिक लोग लाभान्वित

टिहरी गढ़वाल, 16 जनवरी। “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के तहत जनपद टिहरी में अब तक 45 न्याय पंचायतों में आयोजित शिविरों में 15 हजार से अधिक लोगों ने प्रतिभाग किया है। इन शिविरों में प्राप्त 700 शिकायतों में से लगभग 300 का निस्तारण किया जा चुका है।
इसी क्रम में शुक्रवार को तहसील घनसाली के भिलंगना ब्लॉक अंतर्गत न्याय पंचायत कठूड़ के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धमातोली में जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विधायक घनसाली शक्तिलाल शाह मुख्य अतिथि रहे।
शिविर में कुल 104 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश का मौके पर निस्तारण किया गया। बाल विकास विभाग द्वारा 4 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गई, जबकि शिक्षा विभाग की ओर से साइकिल योजना के तहत छात्रा को एफडी चेक प्रदान किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक न्याय पंचायत में 23 विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा प्राप्त शिकायतों की साप्ताहिक समीक्षा कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्रीय समस्याओं—सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई और अवैध शराब बिक्री—पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
शिविर में 730 लोगों ने विभिन्न विभागीय स्टॉलों से सेवाओं का लाभ उठाया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



