स्वास्थ्य: क्या RO का इस्तेमाल घर में करना चाहिए-राहुल पैन्यूली

क्या RO का इस्तेमाल घर में करना चाहिए।
आइए आज इस पर विस्तृत चर्चा करते हैं कि घर में RO का इस्तेमाल करना चाहिए कि नहीं। सबसे पहले समझते हैं RO तकनीक है क्या यहा किस विधि से कार्य करता है।
आजकल लगभग हर घर में RO का इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन क्या यह वास्तव में फायदेमंद है? पानी को शुद्ध करने की यह तकनीक उच्च दबाव पर एक मेंब्रेन से पानी को गुजारती है, जिससे अशुद्धियाँ, बैक्टीरिया और भारी धातुएं निकल जाती हैं। लेकिन इसके साथ ही पानी में मौजूद जरूरी मिनरल्स भी खत्म हो जाते हैं, जो शरीर के लिए आवश्यक होते हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, पीने के पानी में TDS 50 से कम नहीं होना चाहिए। नई टिहरी जैसे इलाकों में, जहां पहले से ही TDS 75-80 के बीच रहता है, RO इसे घटाकर 40-45 तक कर सकता है, जिससे पानी में मिनरल्स की कमी हो जाती है। WHO के अनुसार, 300 mg/L से कम TDS वाला पानी पीने योग्य है, जबकि भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) इसे 500 mg/L तक स्वीकार करता है।
अगर पानी का TDS पहले से कम है, तो RO लगाने से शरीर को जरूरी मिनरल्स नहीं मिल पाते। 50-150 के बीच TDS वाला पानी उत्तम माना जाता है, 150-250 अच्छा और 250-300 पीने लायक। जिन इलाकों में पानी का TDS पहले से 100-150 के बीच है, वहां RO का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। लेकिन अगर TDS 500 से अधिक है, तो RO जरूरी हो सकता है, पर इसके साथ मिनरल कार्ट्रिज लगवाना चाहिए ताकि जरूरी पोषक तत्व पानी में बने रहें।
अगर घर में RO लगा है तो TDS मीटर से पानी की जांच जरूर करें और इसे 50-150 ppm के बीच रखें। RO के साथ मिनरल कार्ट्रिज लगवाएं, जिससे जरूरी मिनरल्स पानी में वापस आ सकें। अगर आपके इलाके में पानी का TDS पहले से ही कम है, तो RO के बजाय UV+UF फिल्टर का उपयोग करना ज्यादा फायदेमंद होगा। समय-समय पर RO की सर्विस कराएं और सर्विस इंजीनियर से पूछें कि आपका RO कितना TDS का पानी बना रहा है।
हर जगह RO जरूरी नहीं होता। अगर पानी में पहले से ही जरूरी मिनरल्स मौजूद हैं, तो RO उन्हें खत्म कर सकता है, जिससे शरीर को नुकसान हो सकता है। इसलिए अगली बार जब कोई RO सर्विस के लिए आए, तो जरूर पूछें कि पानी का TDS कितना है और क्या वाकई RO की जरूरत है? स्वस्थ रहें, मस्त रहें।