उत्तराखंडविविध न्यूज़शासन-प्रशासन

नदी उत्सव को लेकर नई टिहरी में हुई अहम बैठक, सोंग नदी पुनर्जीवन व रोजगार सृजन पर हुआ मंथन

Please click to share News

खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल, 12 जून 2025 । जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला सभागार, नई टिहरी में “नदी उत्सव कार्यक्रम” को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नदियों के संरक्षण, जन-जागरूकता, सोंग नदी पुनर्जीवन परियोजना और रोजगार सृजन जैसे विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया गया।

जिलाधिकारी ने सभी विकास खंड अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नदियों की साफ-सफाई सुनिश्चित कराएं तथा आमजन को जल-संरक्षण के प्रति जागरूक करें। साथ ही, शिक्षा विभाग को निर्देशित किया गया कि स्कूलों में बच्चों को नदियों के उद्गम, प्रवाह और संगम की जानकारी दी जाए, ताकि भावी पीढ़ी में जल स्रोतों के प्रति संवेदनशीलता विकसित हो।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ट्राउट फार्मिंग और अन्य स्वरोजगार के अवसर विकसित करने हेतु समन्वयात्मक प्रस्ताव तैयार करने को कहा। उन्होंने कहा कि जल स्रोतों का संरक्षण केवल पर्यावरणीय नहीं, बल्कि आर्थिक दृष्टिकोण से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उप निदेशक जलागम विभाग एवं समिति सदस्य श्री नवीन सिंह बरफवाल ने सोंग नदी पर निर्मित चेक डैम की जानकारी साझा की। वहीं लघु सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता श्री बृजेश गुप्ता ने चाल-खाल, रिचार्ज पिट, खांतिया एवं कैचमेंट एरिया के कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया। इस पर जिलाधिकारी ने गांवों के समीप बने चेकडैम का सौंदर्यीकरण करने तथा आधारभूत मूल्यांकन रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि नदियों के संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय समुदाय को रोजगार से जोड़ना भी प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने आगामी मानसून सत्र को ध्यान में रखते हुए वृहद पौधारोपण अभियान चलाने के भी निर्देश दिए।

इस अवसर पर डीडीओ मोहम्मद असलम, अधिशासी अभियंता पेयजल निगम चंबा के.एन. सेमवाल, जल संस्थान नई टिहरी के अधिशासी अभियंता प्रशांत भारद्वाज, डीटीडीओ एस.एस. राणा समेत अन्य अधिकारी भौतिक एवं वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।


Please click to share News

Govind Pundir

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!