प्रशांत कुमार आर्या ने 25वें जिलाधिकारी के रूप में संभाला कार्यभार

Garhninad Desk
3 Min Read
खबर को सुनें

काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ शुरू किया कार्यकाल

उत्तरकाशी, 20 जून 2025 । शुक्रवार को उत्तरकाशी जिले के नवनियुक्त जिलाधिकारी प्रशांत कुमार आर्या ने विधिवत रूप से अपना पदभार ग्रहण किया। वे जनपद के 25वें जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार संभाल रहे हैं।

पदभार ग्रहण से पूर्व श्री आर्या ने उत्तरकाशी के प्रसिद्ध काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन कर बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लिया। इसके पश्चात वे कोषागार पहुंचे और औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर जिले के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया। पदभार ग्रहण के उपरांत जिलाधिकारी ने अपनी प्राथमिकताएं साझा करते हुए कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता गतिमान चारधाम यात्रा को सुगम, सुचारू और व्यवस्थित बनाए रखना है। इसके साथ ही आगामी मानसून सीजन में आपदा प्रबंधन के लिए प्रभावी उपाय सुनिश्चित करना और आगामी पंचायत चुनावों को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण व व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना उनके प्रमुख लक्ष्य हैं।

श्री आर्या ने जिले के विकास को गति देने पर विशेष जोर देते हुए कहा, “उत्तरकाशी अपनी प्राकृतिक सुंदरता और धार्मिक महत्व के लिए विख्यात है। मेरा प्रयास होगा कि जिले के नागरिकों को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं मिलें और विकास की योजनाएं प्रभावी रूप से लागू हों।” उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, कृषि और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में विशेष ध्यान देने की प्रतिबद्धता जताई। जिलाधिकारी ने कहा कि वे जनप्रतिनिधियों, हितधारकों और आम जनता के सहयोग से उत्तरकाशी को विकास के नए आयामों तक ले जाने के लिए कटिबद्ध हैं। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को जनोन्मुखी प्रशासन और टीम भावना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ शुरू किया कार्यकाल ।

कार्यभार ग्रहण के बाद श्री आर्या ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ प्रारंभिक बैठक की और जिले की स्थिति का जायजा लिया। इस अवसर पर एसडीएम भटवाड़ी शालिनी नेगी, सीओ जनक पवार, वरिष्ठ कोषाधिकारी शिवेंद्र कुमार, तहसीलदार भटवाड़ी सुरेश सेमवाल सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

उत्तरकाशी के विकास के लिए नई ऊर्जा और दृष्टिकोण के साथ शुरू हुआ प्रशांत कुमार आर्या का कार्यकाल, जिले में बेहतर प्रशासन की उम्मीदें बढ़ीं।

Share This Article
error: Content is protected !!