त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर राज्य चुनाव आयुक्त की जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

चुनाव प्रक्रिया में समन्वय और सक्रियता का निर्देश, आदर्श आचार संहिता और सुरक्षा व्यवस्था पर दिया गया विशेष जोर

टिहरी गढ़वाल, 22 जून 2025। त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2025 की तैयारियों को लेकर राज्य चुनाव आयुक्त सुशील कुमार ने रविवार को समस्त जिलाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ वर्चुअल माध्यम से अहम बैठक की।

टिहरी जनपद से जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, एसएसपी आयुष अग्रवाल, सीडीओ वरुणा अग्रवाल सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों ने जिला कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष से बैठक में सहभागिता की।

बैठक में राज्य चुनाव आयुक्त ने चुनाव संबंधी अधिसूचना जारी होने के बाद सभी जनपदों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने मतदाता सूची हिंदी में तैयार करने और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्याशियों के नामों की पुनः जांच के निर्देश दिए।

सभी जिलों के एसएसपी को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि मतदान केंद्रों के 200 मीटर दायरे में किसी भी प्रकार की वाहन आवाजाही, जुलूस या जनसभा की अनुमति न दी जाए और कानून व्यवस्था सख्ती से बनाए रखी जाए। वहीं, जिन जनपदों से अब तक आरओ/एआरओ की जानकारी नहीं भेजी गई है, उन्हें तत्काल सूचना उपलब्ध कराने को कहा गया।

चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए सभी रिटर्निंग अधिकारियों को चुनाव खर्च का रजिस्टर तैयार करने और समय पर व्यय की राशि जमा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही डीएम और एसएसपी को स्थानीय भौगोलिक परिस्थितियों के अनुसार पुलिस बल की व्यवस्था, रूट चार्ट और ट्रैफिक प्लान बनाने के निर्देश दिए गए, ताकि बरसात के मौसम में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

राज्य चुनाव आयुक्त ने सभी जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस और संबंधित अधिकारियों को समन्वय के साथ सक्रिय रूप से कार्य करने की सलाह दी। नोडल और प्रभारी अधिकारियों की तैनाती, जिला स्तरीय चुनाव योजना, आदर्श आचार संहिता का अनुपालन, बैलट बॉक्स की वाटरप्रूफिंग जैसी तैयारियों पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया। साथ ही पंचायती राज अधिनियम का अध्ययन करने और उसका पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में डीडीओ मोहम्मद असलम, एसडीएम संदीप कुमार, पीडी पुष्पेंद्र चौहान सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!