शिखर स्कॉलर्स एकेडमी गजा का तृतीय वार्षिकोत्सव भव्य रूप से सम्पन्न

नन्हे-मुन्ने बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों पर झूमे दर्शक, प्रतिभाशाली छात्रों को किया गया सम्मानित
(डी.पी. उनियाल गजा)।
टिहरी गढ़वाल। शिखर स्कॉलर्स एकेडमी हाई स्कूल, गजा का तृतीय वार्षिकोत्सव समारोह छात्र-छात्राओं के रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं पुरस्कार वितरण के साथ भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और तालियों की गूंज से परिसर गूंज उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान, पूर्व प्रमुख चम्बा श्रीमती शिवानी विष्ट, जिला पंचायत सदस्य ताजबीर सिंह खाती, पूर्व जिला उपाध्यक्ष चतर सिंह, सेवा भारती के राजेन्द्र सिंह खाती एवं पूर्व जिला मंत्री गजेंद्र सिंह खाती द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। अतिथियों का विद्यालय परिवार की ओर से बैज अलंकरण, माल्यार्पण एवं शाल ओढ़ाकर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना से हुआ। इस अवसर पर मार्डन रिसर्च सोसाइटी, टिहरी की अध्यक्ष राजेश्वरी भंडारी एवं मनबीर सिंह भंडारी द्वारा सभी अतिथियों एवं कक्षा 6 से 10 तक के छात्र-छात्राओं को श्रीमद्भागवत गीता की प्रतियां भेंट की गईं।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत छात्र-छात्राओं ने गढ़वाली, पंजाबी एवं हिमाचली गीतों पर शानदार नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर आधारित नाटक ने समाज को संदेश देते हुए खूब तालियां बटोरीं।
मुख्य अतिथि आदित्य कोठारी ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में भी आगे बढ़ना चाहिए, क्योंकि यही बच्चे भविष्य के राष्ट्र निर्माता हैं। उन्होंने विद्यालय द्वारा आयोजित विविध गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि यहां के छात्र-छात्राओं ने रोजगार के क्षेत्र में भी क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान ने शिक्षकों के प्रयासों की प्रशंसा की, वहीं सेवा भारती के राजेन्द्र सिंह खाती ने कहा कि विद्यालय निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है और क्षेत्र में पलायन रोकने में भी अहम भूमिका निभा रहा है। विद्यालय के प्रधानाचार्य कुंवर सिंह खाती ने वर्षभर की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष चतर सिंह, पूर्व जिला मंत्री गजेंद्र सिंह खाती, शैल शिखर सामाजिक संस्था के विपिन सकलानी, नरेश बडोनी, ग्राम प्रधान बिरेंद्र सिंह चौहान, कुसबीर पुंडीर, राधिका नेगी, अभिभावक संघ अध्यक्ष दिनेश खाती, उपाध्यक्ष दिनेश उनियाल, पूर्व प्रधान मान सिंह चौहान सहित सैकड़ों अभिभावक एवं बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक प्रदीप सिंह ने प्रभावी ढंग से किया। अंत में अभिभावक संघ पदाधिकारियों ने विद्यालय के समस्त शिक्षकों, शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों के प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया।



