उत्तराखंडविविध न्यूज़

देहरादून में ओएनजीसी की मेजबानी में पीएसपीबी बास्केटबॉल-वॉलीबॉल चैम्पियनशिप का शुभारम्भ

Please click to share News

खबर को सुनें

देहरादून, 6 मार्च। पब्लिक सेक्टर स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड (पीएसपीबी) के तत्वावधान में ओएनजीसी द्वारा परेड ग्राउंड स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित 33वीं बास्केटबॉल एवं 45वीं वॉलीबॉल चैम्पियनशिप का आज भव्य शुभारम्भ हुआ।
6 मार्च से 9 मार्च तक आयोजित होने वाले इस चार दिवसीय टूर्नामेंट में सार्वजनिक क्षेत्र के प्रमुख उपक्रम—ओएनजीसी, आईओसीएल, बीपीसीएल, एचपीसीएल, सीपीसीएल, ओआईएल एवं एमआरपीएल—की टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता में वॉलीबॉल की आठ टीमें और बास्केटबॉल की छह टीमें अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगी।
टूर्नामेंट का उद्घाटन ओएनजीसी के निदेशक (एचआर) मनीष पाटिल तथा प्रमुख मानव संसाधन सेवाएं नीरज कुमार शर्मा ने किया। इस अवसर पर निदेशक (एचआर) मनीष पाटिल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल हमारे जीवन का अभिन्न अंग है। यह हमें स्वस्थ रहने के साथ-साथ टीमवर्क, अनुशासन और नेतृत्व जैसे महत्वपूर्ण मूल्यों को विकसित करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।
एचसीए नीरज कुमार शर्मा ने कहा कि प्रतियोगिता में भाग ले रहे खिलाड़ियों का उत्साह देखकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता और गर्व का अनुभव हो रहा है। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह टीम भावना, अनुशासन और सहयोग की भावना को विकसित करता है। खेल शारीरिक मजबूती के साथ-साथ मानसिक दृढ़ता का भी माध्यम है। उन्होंने बताया कि ओएनजीसी प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए खेल छात्रवृत्ति योजना भी संचालित करता है।
6 मार्च को खेले गए मुकाबलों में वॉलीबॉल प्रतियोगिता के तहत कुल छह मैच खेले गए। पहले मैच में ओएनजीसी ने सीपीसीएल को सीधे सेटों में 3–0 (25–08, 25–11, 25–09) से पराजित किया। दूसरे मुकाबले में बीपीसीएल ने एचपीसीएल को 3–0 (25–11, 25–08, 25–09) से हराकर जीत दर्ज की। तीसरे मैच में बीपीसीएल ने एमआरपीएल को 3–0 (25–14, 25–19, 25–09) से पराजित किया। चौथे मुकाबले में ऑयल इंडिया ने आईओसीएल को 3–0 (25–15, 25–16, 25–12) से हराकर अपनी बढ़त बनाई। पांचवें मैच में एमआरपीएल ने एओडी को 3–0 (25–15, 25–12, 25–13) से पराजित किया। दिन के अंतिम मुकाबले में ओएनजीसी ने आईओसीएल को 3–0 (25–10, 25–17, 25–14) से हराकर शानदार प्रदर्शन किया।
पब्लिक सेक्टर स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड की मेम्बर सेक्रेटरी सबीना चौधरी ने कहा कि खेल केवल शारीरिक गतिविधि नहीं बल्कि जीवन जीने की कला है। मैदान में हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना और समर्पण होता है।
इस अवसर पर ओएनजीसी के खेल प्रमुख निशांत कुमार, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं वॉलीबॉल इंचार्ज अविनाश कुमार यादव, महाप्रबंधक पवन कुमार सैनी, उप महाप्रबंधक विशाल कुमार शर्मा, मुख्य प्रबंधक एवं बास्केटबॉल इंचार्ज दिनेश कुमार, बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के तकनीकी निदेशक नारमन आईसेक, कबड्डी इंचार्ज जगबीर सिंह, एथलेटिक्स इंचार्ज प्रीतम बिंद, उप महाप्रबंधक सुरेश रनौत, प्रबंधक जयप्रकाश पांडे, वरिष्ठ मानव संसाधन अधिकारी विक्रम बिष्ट, प्रबंधक राजीव आहूजा, मनदीप ग्रेवाल, अनूप बिष्ट, मातबर सिंह असवाल सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


Please click to share News

Govind Pundir

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!