नई टिहरी में उल्लास और भाईचारे के साथ मनाई गई ईद-उल-फ़ितर

टिहरी गढ़वाल, 21 मार्च। ईद-उल-फ़ितर का पर्व नई टिहरी में हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। बौराड़ी ईदगाह में सुबह ठीक 9 बजे इमाम मौलाना अशजद कासमी ने ईद की नमाज़ अदा कराई और देश में अमन-चैन, तरक्की व खुशहाली के साथ सभी देशवासियों की सलामती की दुआ की।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं पूर्व राज्य मंत्री मुशर्रफ अली ने ईद के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व रमज़ान के पवित्र महीने के समापन पर मनाया जाता है और समाज में समानता व भाईचारे का संदेश देता है। जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राकेश राणा तथा शहर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष देवेंद्र नौटियाल ने भी क्षेत्रवासियों को ईद की मुबारकबाद देते हुए आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर खुशियां साझा कीं। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग ईदगाह में उपस्थित रहे। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
इस प्रकार नई टिहरी में ईद-उल-फ़ितर का पर्व श्रद्धा, उल्लास और सामाजिक सद्भाव के साथ संपन्न हुआ।



