गैरसैंण : 1.11 लाख करोड़ का बजट पेश, विकसित उत्तराखंड की दिशा में बड़ा कदम

भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए उत्तराखंड सरकार ने 1.11 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसे राज्य के समग्र विकास का रोडमैप बताते हुए कहा कि यह बजट विकास, संस्कृति और आधुनिकता के संतुलन को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य की अर्थव्यवस्था 14,500 करोड़ से बढ़कर लगभग 3.81 लाख करोड़ रुपये हो गई है और प्रति व्यक्ति आय भी लगातार बढ़ी है। बजट में 1,11,703 करोड़ रुपये के व्यय का प्रावधान है, जिसमें राजस्व व्यय और पूंजीगत व्यय शामिल हैं।
बजट में गरीब, किसान, युवा और महिलाओं पर विशेष फोकस रखा गया है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन, अन्नपूर्ति योजना, आवास योजनाओं, शिक्षा-खेल, कौशल विकास, कृषि, पशुपालन और बागवानी के लिए अलग-अलग प्रावधान किए गए हैं। महिलाओं के लिए 19,692 करोड़ रुपये का जेंडर बजट रखा गया है।
इसके अलावा कुंभ मेला तैयारियों, साइबर सुरक्षा, इको-टूरिज्म, स्पिरिचुअल इकोनॉमिक जोन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों के लिए भी नई योजनाएं प्रस्तावित की गई हैं। सरकार ने इस बजट का मूल मंत्र “SANTULAN” बताते हुए संतुलित और समावेशी विकास पर जोर दिया है।



