सौंग बांध से प्रभावित ग्रामीणों ने जताया आक्रोश, समाधान न होने पर जनआंदोलन की चेतावनी

टिहरी गढ़वाल, 15 मार्च। सौंग बांध परियोजना से प्रभावित और विस्थापित ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर रविवार को सौन्दणा में सौंग बांध प्रभावित एवं विस्थापित विकास समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष रविन्द्र सिंह ने की, जिसमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, पूर्व जनप्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि सौंग बांध परियोजना से प्रभावित परिवारों की समस्याओं को लेकर अब तक शासन-प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। क्षेत्रीय लोगों द्वारा समय-समय पर विभिन्न मांगों को लेकर प्रस्ताव और ज्ञापन भेजे गए, लेकिन अभी तक केवल मौखिक आश्वासन ही मिले हैं। प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और आंशिक रूप से प्रभावित ग्रामीणों को उचित मुआवजा देने के मामले में भी कोई स्पष्ट निर्णय नहीं लिया गया है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि प्रभावित गांवों में मूलभूत सुविधाओं, विशेषकर सड़कों के निर्माण को लेकर भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में नाराज़गी बढ़ती जा रही है।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि शीघ्र ही शासन-प्रशासन द्वारा क्षेत्रवासियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो समिति कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ जनआंदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होगी। साथ ही पूर्व में जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल, सौंग बांध परियोजना के महाप्रबंधक, क्षेत्रीय विधायक तथा उत्तराखंड शासन को भेजे गए पत्रों की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त कर आगे की रणनीति तय करने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में तौलियाकाटल, घुड़सालगांव, रगड़, सेरा और हिलासवाला सहित कई गांवों के ग्राम प्रधानों, पूर्व जनप्रतिनिधियों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत सदस्य अखिलेश उनियाल, ज्येष्ठ प्रमुख जयकृष्ण उनियाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सूरत सिंह नेगी, महेन्द्र प्रताप सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
बैठक के अंत में समिति के अध्यक्ष रविन्द्र सिंह ने कहा कि क्षेत्रवासियों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो समिति व्यापक जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।



