इन पांच जनपदों में ऑरेंज अलर्ट, कल मौसम रहेगा खराब

देहरादून, 03 अप्रैल 2026। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 04 अप्रैल को उत्तराखण्ड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों में मौसम खराब रहने की संभावना है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
पूर्वानुमान के मुताबिक इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि तथा 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जो कुछ स्थानों पर 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती हैं। वहीं राज्य के अन्य जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून ने सभी संबंधित जिलों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में खराब मौसम के दौरान ट्रैकिंग गतिविधियों को नियंत्रित करने और संवेदनशील इलाकों में आवाजाही पर निगरानी रखने को कहा गया है।
प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी आपदा या दुर्घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और सूचनाओं का तत्काल आदान-प्रदान किया जाए। साथ ही आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी अधिकारी और विभाग हाई अलर्ट पर रहेंगे तथा फील्ड में सक्रिय रूप से तैनात रहेंगे।
सड़क मार्ग बाधित होने की स्थिति में शीघ्र बहाली, स्थानीय अधिकारियों की क्षेत्र में सक्रिय मौजूदगी तथा थानों और चौकियों में आपदा उपकरणों के साथ सतर्कता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने मोबाइल चालू रखने और आवश्यक उपकरण जैसे बरसाती, टॉर्च, हेलमेट आदि साथ रखने को कहा गया है।
इसके अलावा संभावित आपात स्थिति में फंसे लोगों के लिए खाद्य सामग्री और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने, विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही नियंत्रित करने पर भी जोर दिया गया है।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन ने आम जनता से अपील की है कि मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लें, सुरक्षित स्थानों पर रहें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।



