(घनसाली से लोकेंद्र जोशी)
टिहरी गढ़वाल, 03 अप्रैल। विकासखंड भिलंगना के प्रतिभाशाली शिक्षक श्री महेश्वर प्रसाद सेमवाल को उत्तराखंड के प्रतिष्ठित शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। यह सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, नवाचार, गुणवत्तापूर्ण सुधार और छात्र हित में विशेष योगदान देने वाले शिक्षकों को प्रदान किया जाता है।
मूल रूप से हिंदाव पट्टी (भिलंगना) के निवासी श्री सेमवाल वर्तमान में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, बहेड़ी गनगर में कार्यरत हैं। वे न केवल एक समर्पित शिक्षक हैं, बल्कि बहुमुखी प्रतिभा के धनी भी हैं। शिक्षा के क्षेत्र में उनके नवाचार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए गए प्रयासों को इस सम्मान के माध्यम से मान्यता मिली है।
इसके साथ ही, श्री सेमवाल इंद्रमणी बडोनी कला एवं साहित्य मंच, घनसाली में सलाहकार के रूप में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं और सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के सामाजिक, राजनीतिक और शैक्षणिक संगठनों से जुड़े लोगों में हर्ष का माहौल है। सभी ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह उपलब्धि न केवल उनके लिए, बल्कि पूरे भिलंगना और घनसाली क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।




