टिहरी गढ़वाल । तहसील गजा क्षेत्र में जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल के सहयोग से एनडीआरएफ की टीम द्वारा एक दिवसीय स्कूल सेफ्टी एवं कम्युनिटी सेफ्टी जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज गजा, शहीद बेलमति चौहान चौक तथा ग्राम गौंसारी में आयोजित हुआ, जिसमें क्षेत्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। कार्यक्रम में विद्यालय के 197 छात्र-छात्राओं, 48 व्यापारियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया। एनडीआरएफ टीम ने आपदा से बचाव के विभिन्न तरीकों का प्रायोगिक प्रदर्शन (डेमो) प्रस्तुत किया और उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, कार्मिकों एवं स्थानीय लोगों को मॉक ड्रिल के माध्यम से अभ्यास भी कराया।
एनडीआरएफ टीम लीडर सब इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने बताया कि कमांडेंट के निर्देशन में जनपद में लगातार आपदा प्रबंधन से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, ताकि लोगों को आपात स्थितियों में सुरक्षित रहने के लिए तैयार किया जा सके।
इस दौरान सब इंस्पेक्टर संतोष प्रसाद पुरोहित एवं उनकी टीम के साथ जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुख्य प्रशिक्षक अनिल सकलानी ने आपदा प्रबंधन के विभिन्न चरणों—तैयारी, प्रतिक्रिया और पुनर्वास—के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही भूदेव ऐप के उपयोग और आपातकालीन टोल-फ्री नंबरों की जानकारी भी साझा की गई।
कार्यक्रम में कॉलेज के प्रधानाचार्य अमरदेव उनियाल एवं नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान ने कहा कि आपदाओं के प्रति जागरूकता आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम समाज को सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर पूर्व प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, जिला पंचायत सदस्य ताजबीर सिंह खाती, पूर्व मंडल अध्यक्ष जोत सिंह चौहान, व्यापार सभा अध्यक्ष नीरज सुकेती, प्रधान जयेंद्र सिंह, सहित कई जनप्रतिनिधि, व्यापारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे और सभी ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को आपदा के समय सही निर्णय लेने और स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सक्षम बनाना रहा।




