पुलिस लाइन चम्बा में प्रशिक्षणरत जवानों सहित विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में हुए ध्यान कार्यक्रम
टिहरी गढ़वाल, 24 मई। सहज योग उत्तराखंड रिलाइजेशन टूर के अंतर्गत 21 से 24 मई तक चम्बा एवं नई टिहरी सहज योग सेंटर के निकटवर्ती विद्यालयों, शिक्षण संस्थानों और विभिन्न संस्थाओं में सहज योग ध्यान एवं आत्म साक्षात्कार कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, पुलिस जवानों एवं आम नागरिकों ने भाग लेकर आत्म साक्षात्कार प्राप्त किया।
रिलाइजेशन टूर के दौरान हरिद्वार एवं रुड़की से आए 40 सहजी भाई बहनों द्वारा अलग अलग टीम बनाकर चम्बा के बालिका इंटर कॉलेज, विज़न इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट, राजकीय इंटर कॉलेज छापरा धार, सरस्वती विद्या मंदिर हाई स्कूल ढुंगीधार, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नई टिहरी, डायट टिहरी, गवर्नमेंट मॉडल स्कूल नई टिहरी तथा टिहरी बांध परियोजना इंटर कॉलेज बी-पुरम समेत कई स्थानों में सहज योग ध्यान कार्यक्रम आयोजित किए गए।
आज रविवार को उत्तराखंड पुलिस लाइन चम्बा, टिहरी गढ़वाल में आयोजित विशेष कार्यक्रम में प्रशिक्षण ले रहे जवानों एवं अधिकारियों ने आत्म साक्षात्कार प्राप्त किया।
इस दौरान प्रतिसार निरीक्षक श्री अमित कुमार, जो पुलिस दायित्वों के निर्वहन के साथ-साथ यूट्यूब पर अपने भजनों के लिए भी जाने जाते हैं, ने “हम होंगे कामयाब एक दिन” देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर उपस्थित सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। जवानों एवं उपस्थित लोगों ने उनके गीत का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। उन्होंने सहज योग परिवार को धन्यवाद किया।
सहज योग परिवार ने बताया कि सहज योग ध्यान के माध्यम से मानसिक शांति, आत्मिक जागरूकता एवं सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा मिलता है। नई टिहरी सेंटर में आयोजित सामूहिक ध्यान कार्यक्रम में भी दो नई महिलाओं ने आत्म साक्षात्कार लिया।
कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए सहज योग परिवार द्वारा प्रतिसार निरीक्षक श्री अमित कुमार, एस आई सुभाष चंद्र जी एवं पुलिस लाइन के समस्त सहयोगी स्टाफ का आभार व्यक्त किया गया। श्रद्धालुओं ने “जय श्री माताजी” के उद्घोष के साथ कार्यक्रम का समापन किया।




