पौड़ी, 12 मई 2026 । जनपद पौड़ी गढ़वाल में प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूती देने की दिशा में एक अहम बदलाव हुआ है। उत्तराखंड प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी अशोक जोशी ने मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) का पदभार ग्रहण कर लिया है। उनके कार्यभार संभालते ही जनपद में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
अशोक जोशी अनुभवी और शांत स्वभाव के प्रशासनिक अधिकारी माने जाते हैं। वे इससे पहले नैनीताल और उधमसिंह नगर में अपर जिलाधिकारी के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। इसके अलावा दुग्ध विकास एवं महिला डेयरी विकास विभाग में निदेशक के पद पर रहते हुए भी उन्होंने कई योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया।
विकास कार्यों पर रहेगा फोकस
सीडीओ का कार्यभार संभालने के बाद अशोक जोशी ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि उनकी प्राथमिकता जनपद की विकास योजनाओं को जमीन पर तेजी से उतारने की होगी। खास तौर पर ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनके एजेंडे में शामिल है।इसके साथ ही मनरेगा कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करना, लंबित परियोजनाओं को गति देना और पंचायत स्तर पर विकास कार्यों की निगरानी को सुदृढ़ करना भी उनकी प्राथमिकताओं में रहेगा।
ग्रामीण आजीविका और रोजगार पर जोर
अशोक जोशी ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए स्वयं सहायता समूहों, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के लिए रोजगारपरक योजनाओं को बढ़ावा देने पर भी ध्यान देंगे। विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में भी उनके प्रयास अहम रहेंगे।प्रशासनिक अनुभव और समन्वयकारी कार्यशैली के चलते उम्मीद की जा रही है कि उनके नेतृत्व में पौड़ी गढ़वाल में विकास कार्यों को नई रफ्तार मिलेगी।




