देहरादून। Honda Motorcycle and Scooter India ने अपनी मिड-साइज़ एडवेंचर टूरिंग बाइक Honda NX500 में नई ई-क्लच तकनीक शामिल करने की घोषणा की है।
यह ई-क्लच सिस्टम स्टार्ट, गियर बदलने और रुकने के दौरान क्लच को इलेक्ट्रॉनिक तरीके से नियंत्रित करता है, जिससे बार-बार क्लच दबाने की जरूरत कम हो जाती है। इससे खासकर शहर की ट्रैफिक और लंबी दूरी की यात्रा के दौरान राइडर की थकान कम होती है। जरूरत पड़ने पर राइडर इसे मैनुअली भी नियंत्रित कर सकता है।
कंपनी के प्रेसिडेंट एवं सीईओ Tsutsumu Otani के अनुसार, यह तकनीक राइडिंग को ज्यादा आरामदायक और नियंत्रित बनाती है, जबकि बाइक का “हैंड्स-ऑन” अनुभव बरकरार रखती है।
एनएक्स500 में 471cc का लिक्विड-कूल्ड पैरेलल-ट्विन इंजन और 6-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है, जो लो और मिड-रेंज में अच्छा टॉर्क और हाई स्पीड पर स्मूद पावर देता है। बाइक में शोवा सस्पेंशन, डुअल डिस्क ब्रेक के साथ ABS, 5-इंच TFT डिस्प्ले, होंडा रोडसिंक कनेक्टिविटी, टॉर्क कंट्रोल (HSTC) और LED लाइटिंग जैसे आधुनिक फीचर्स मिलते हैं।
यह मोटरसाइकिल मैट गनपाउडर ब्लैक मेटैलिक और पर्ल होराइजन व्हाइट रंगों में उपलब्ध है, जो शहर और एडवेंचर टूरिंग दोनों के लिए उपयुक्त विकल्प बनती है।




