टिहरी गढ़वाल, 30 जुलाई 2026 । टिहरी गढ़वाल में शिक्षा के क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने की दिशा में समआरंभ फाउंडेशन द्वारा ओएनजीसी के सहयोग से संचालित ‘प्रोजेक्ट ज्ञानदीप’ के अंतर्गत 18 राजकीय विद्यालयों को 900 फर्नीचर सेट उपलब्ध कराए गए। इस पहल से दूरस्थ क्षेत्रों के सैकड़ों विद्यार्थियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हेतु अच्छा वातावरण मिलेगा ।
इस अवसर पर कलेक्ट्रेट में आयोजित हस्तांतरण समारोह कार्यक्रम में जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल, सीडीओ वरुणा अग्रवाल, समआरंभ फाउंडेशन के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी मयंक खंतवाल, मुख्य परिचालन अधिकारी विवेक कुशवाहा, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं सीडीओ ने समआरंभ फाउंडेशन एवं ओएनजीसी के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा की तथा जनपदवासियों की ओर से धन्यबाद ज्ञापित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। सीडीओ ने प्रोजेक्ट ज्ञानदीप’ की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालयों में फर्नीचर उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा तथा उनकी पढ़ाई में सकारात्मक सुधार आएगा।
समआरंभ फाउंडेशन के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी मयंक खंतवाल ने बताया कि संस्था का उद्देश्य केवल विद्यालयों में आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के सहयोग से फाउंडेशन भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, पर्यावरण संरक्षण, आजीविका संवर्धन तथा सामाजिक सुधार से जुड़े विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम संचालित करता रहेगा।
समारोह में समआरंभ फाउंडेशन एवं ओएनजीसी ने समाज एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए भविष्य में भी जनहित एवं शिक्षा के क्षेत्र में ऐसे विकासोन्मुखी प्रयास निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागीय अधिकारी प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों ने भी सम्बन्धितों का धन्यवाद ज्ञापित किया।





