Ad image

कुलपति ने विश्वविद्यालय मुख्यालय का किया औचक निरीक्षण, सितंबर से पहले होगा व्यापक वृक्षारोपण अभियान

Govind Pundir
3 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

अधिकारियों-कर्मचारियों से सीधे संवाद कर कार्यों की ली जानकारी, लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के निर्देश

टिहरी गढ़वाल 30 जुलाई। श्री देव सुमन उत्तराखण्ड विश्वविद्यालय के नवनियुक्त कुलपति प्रो. अम्बरीश कुमार महाजन ने गुरुवार को विश्वविद्यालय मुख्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न अनुभागों एवं कार्यालयों का भ्रमण कर वहां संचालित कार्यों की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया तथा अधिकारियों और कर्मचारियों से सीधे संवाद कर विभागीय कार्यप्रणाली, प्रगति और लंबित प्रकरणों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न अनुभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कुलपति को अपने-अपने विभागों में चल रहे कार्यों की स्थिति से अवगत कराया। साथ ही कार्यों के निष्पादन में आ रही प्रशासनिक एवं तकनीकी समस्याओं की जानकारी भी दी। कुलपति ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों में मौके पर ही आवश्यक निर्णय लिए और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कुलपति प्रो. महाजन ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समन्वय, पारदर्शिता, अनुशासन और उत्तरदायित्व की भावना के साथ कार्य करने की नसीहत देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय हित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अनुभाग की कार्यप्रणाली में दक्षता और पारदर्शिता विश्वविद्यालय की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
*सितंबर से पहले परिसर में होगा व्यापक पौधरोपण*
निरीक्षण के दौरान कुलपति ने विश्वविद्यालय परिसर को हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि सितंबर माह से पहले विश्वविद्यालय परिसर में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया जाए। अभियान में विश्वविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी तथा बीसीए विभाग के छात्र-छात्राएं सामूहिक रूप से भाग लेते हुए अधिक से अधिक पौधों का रोपण करेंगे।
उन्होंने लगाए गए पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल की जिम्मेदारी भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि पौधरोपण अभियान केवल औपचारिकता तक सीमित न रहकर परिसर को वास्तव में हरित एवं स्वच्छ बनाने में प्रभावी साबित हो।
कुलपति प्रो. महाजन ने कहा कि किसी विश्वविद्यालय की प्रगति केवल शैक्षणिक उपलब्धियों से नहीं मापी जाती, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व और सामूहिक सहभागिता भी उसकी पहचान हैं। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए विश्वविद्यालय को उत्कृष्टता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!