टिहरी गढ़वाल 5 जुलाई। प्रदेश सरकार के “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” के पाँच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विकासखंड जौनपुर के थत्यूड़ स्थित ब्लॉक सभागार में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के तहत बहुविभागीय जनसेवा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्रदान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार एवं ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार ने किया। विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के अधिकारी गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं और सरकार पारदर्शी, जवाबदेह तथा जनसेवा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोगों से केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं जिला पर्यटन अधिकारी सोबत सिंह राणा ने बताया कि शिविर में स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, ग्रामीण विकास, समाज कल्याण, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास सहित कई विभागों ने अपने स्टॉल लगाए। उन्होंने वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना और होम-स्टे योजना के माध्यम से स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की जानकारी भी दी।
सहायक समाज कल्याण अधिकारी नवीन रावत ने बताया कि पात्रता पूरी होने पर अब पति-पत्नी दोनों को अलग-अलग वृद्धावस्था पेंशन का लाभ दिया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की प्रभारी डॉ. मनीषा भारती ने कहा कि संस्थागत प्रसव कराने वाली गर्भवती महिलाओं को ₹1400 की आर्थिक सहायता के साथ सुरक्षित घर पहुंचाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है।
सहायक कृषि अधिकारी सूरज देव ने बताया कि कृषि विभाग किसानों को 80 प्रतिशत तक सब्सिडी पर कृषि यंत्र उपलब्ध करा रहा है तथा रबी और खरीफ योजनाओं के तहत अब तक 650 किसानों को लाभान्वित किया जा चुका है। उद्यान, ग्रामीण विकास और बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने भी विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
शिविर के दौरान विधायक प्रीतम सिंह पंवार एवं ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार ने महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से दो महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी पोषण किट वितरित की। वहीं ग्राम उत्थान (रीप) परियोजना के तहत अल्ट्रा पुअर श्रेणी की नौ महिलाओं को स्वरोजगार के लिए ₹35-35 हजार के चेक भी प्रदान किए गए।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी अर्जुन सिंह रावत, एडीओ डी.पी. चमोली, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील थपलियाल, महामंत्री अकबीर पंवार, खेमराज भट्ट, हरभजन सिंह पंवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
जरूरी सूचना👇
दिनांक 7 जुलाई 2026 को प्रातः 11:00 बजे आयोजित होने वाला नैनबाग तहसील दिवस अब राजकीय महाविद्यालय, नैनबाग में आयोजित होगा। पहले इसका आयोजन सरदार सिंह रावत राजकीय इंटर कॉलेज, नैनबाग में प्रस्तावित था, लेकिन वहां मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा होने के कारण आयोजन स्थल में परिवर्तन किया गया है।
उपजिलाधिकारी धनोल्टी ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों से निर्धारित समय पर तहसील दिवस में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करने का अनुरोध किया है।




