अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ का प्रांतीय एवं जिला सम्मेलन संपन्न, नई कार्यकारिणी का गठन

Govind Pundir
4 Min Read
खबर को सुनें

देहरादून। अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ, उत्तराखंड का प्रांतीय एवं जिला सम्मेलन तथा शैक्षिक विचार गोष्ठी हिंदू नेशनल इंटर कॉलेज, लक्ष्मण चौक, देहरादून में आयोजित हुई। सम्मेलन का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि एवं मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि युवा कल्याण राज्य मंत्री कुंदन लटवाल तथा विशिष्ट अतिथि पूर्व महापौर देहरादून सुनील उनियाल गामा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
शैक्षिक विचार गोष्ठी में SCERT के विषय विशेषज्ञ ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रमुख प्रावधानों, उद्देश्यों और इसके प्रभावी क्रियान्वयन की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में नई शिक्षा नीति को लागू करने के दौरान आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान पर भी चर्चा की।
मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि राज्य मंत्री कुंदन लटवाल ने मुख्यमंत्री का संदेश पढ़कर सुनाया। संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है और इसे मजबूत करने में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक, समावेशी एवं रोजगारपरक बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, रचनात्मकता और नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है तथा इसके सफल क्रियान्वयन में अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों की भी अहम भूमिका है।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रांतीय अध्यक्ष संजय बिजलवाण एवं प्रांतीय महामंत्री महादेव मैठाणी ने कहा कि अशासकीय विद्यालयों के शिक्षकों एवं कर्मचारियों की लंबित मांगों को संकलित कर मुख्यमंत्री और संबंधित शिक्षा मंत्रियों के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने मांगों के समाधान के लिए प्रभावी पहल किए जाने की बात कही।
राज्य मंत्री कुंदन लटवाल ने मुख्यमंत्री की ओर से आश्वासन दिया कि संगठन के पदाधिकारियों, विभागीय अधिकारियों और शासन के प्रतिनिधियों के बीच त्रिपक्षीय वार्ता आयोजित कर अशासकीय विद्यालयों की समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा।
पूर्व महापौर सुनील उनियाल गामा ने कहा कि अशासकीय विद्यालयों के शिक्षक और कर्मचारी पूरी निष्ठा एवं तत्परता से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों के शैक्षिक परिणाम भी बेहतर रहे हैं। उन्होंने समस्याओं के समाधान के लिए शासन स्तर पर वार्ता का आश्वासन दिया।
नई प्रांतीय एवं जिला कार्यकारिणी का गठन
सम्मेलन के दौरान सर्वसम्मति से संघ की नई प्रांतीय कार्यकारिणी का गठन किया गया। अनिल नौटियाल को प्रांतीय अध्यक्ष, महादेव मैठाणी को प्रांतीय महामंत्री तथा मनमोहन सिंह नेगी को प्रांतीय कोषाध्यक्ष निर्वाचित किया गया।
इसी क्रम में देहरादून जनपद की नई कार्यकारिणी की भी घोषणा की गई। दिनेश डोबरियाल को जिला अध्यक्ष, महावीर सिंह मेहता को जिला महामंत्री तथा गिरीश सेमवाल को जिला कोषाध्यक्ष चुना गया।
सम्मेलन के अंत में संघ के पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष स्वर्गीय राजे सिंह नेगी को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम का संचालन सम्मेलन संयोजक एवं जिला अध्यक्ष अनिल कुमार नौटियाल ने किया। सम्मेलन में प्रांतीय संरक्षक एवं पूर्व अध्यक्ष प्रदीप डबराल, जयप्रकाश बहुगुणा, चिंतामणि सेमवाल, राजेंद्र कुकरेती, मंडलीय अध्यक्ष शिव सिंह रावत, मंडलीय मंत्री बाल मनोज रावत, कुमाऊं मंडल महामंत्री महेंद्र सिंह मेहरा, प्रांतीय उपाध्यक्ष पूरन सिंह फरसवाण एवं दीपक मिश्रा निठानी सहित प्रदेशभर के पदाधिकारी मौजूद रहे।
सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रतिभाग किया। इस दौरान राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों से जुड़े विभिन्न शैक्षिक एवं सेवा संबंधी मुद्दों पर भी सार्थक चर्चा हुई।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!